गाय के इलाज के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, November 5, 2026

गाय के इलाज के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

बांदा, के एस दुबे । कमासिन थाना क्षेत्र के ग्राम तिलौसा निवासी ओमप्रकाश पुत्र रामकृपाल ने अपने भाई रामप्रकाश और उसकी पत्नी पर परेशान करने, झूठी शिकायतें करने तथा गाय के इलाज के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है। शिकायती पत्र के मुताबिक, 22 अगस्त 2026 की रात करीब नौ बजे एक अन्ना गाय नाली में गिर गई थी। ग्रामीणों की मदद से गाय को बाहर निकाला गया और डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्सक डॉ. इंद्रपाल श्रीवास्तव को बुलवाकर गाय का उपचार कराया। उपचार के बाद गाय स्वस्थ हो गई। आरोप है कि बाद में पता चला कि गाय उसके भाई रामप्रकाश की थी, जिसका


घर घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर है। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसके भाई ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की। पुलिस जांच के दौरान मौके पर पहुंची और रामप्रकाश को गाय को अन्ना छोड़ने पर फटकार भी लगाई। आरोप है कि इसके बाद से ही भाई और उसकी पत्नी लगातार उसे व उसकी पत्नी को झूठी शिकायतों के जरिए परेशान कर रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की थी। आरोप है कि इसके बावजूद उसका भाई गाय के इलाज के नाम पर 20 हजार रुपये मांग रहा है और रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने 5 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने, रिपोर्ट दर्ज करने और पुलिस उत्पीड़न से बचाने की मांग की है।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages