जैन लॉज से गायब होने का आरोप
तीन नवंबर से दोनों का मोबाइल बंद, कथित रूप से कुछ लोगों द्वारा पकड़कर ले जाने की जताई आशंका
बांदा, के एस दुबे । शहर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और देवर के लापता होने की शिकायत पुलिस से करते हुए उनकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि दोनों तीन नवंबर से लापता हैं और उनके मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहे हैं। शिकायत के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र के हलुआकला बहादुरगंज निवासी मैना कौर पत्नी सज्जन सिंह ने बताया कि उनके पति सज्जन सिंह और देवर धर्मेंद्र सिंह करीब एक माह पहले बांदा आए थे। दोनों यहां जैन लॉज में किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे। महिला के मुताबिक, तीन नवंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे दोनों जैन लॉज से बाहर निकले थे। इसके बाद शाम करीब
सात बजे कथित रूप से पांच-छह लोग वहां पहुंचे और दोनों को पकड़कर अपने साथ ले गए। महिला का आरोप है कि पूछताछ करने पर जैन लॉज के मालिक राजेश जैन ने बताया कि वे लोग एसओजी और पुलिस से संबंधित थे तथा पूछताछ के लिए दोनों को ले गए हैं। आरोप है कि इसके बाद से पति और देवर का कोई पता नहीं चल रहा है। दोनों के मोबाइल नंबर भी बंद आ रहे हैं। महिला ने पांच नवंबर को पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जानकारी दी और पति व देवर की तलाश कराकर सकुशल बरामदगी कराने की मांग की है। साथ ही मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में दोनों के लापता होने की वास्तविक वजह क्या सामने आती है और उनकी तलाश कब तक पूरी होती है।


No comments:
Post a Comment