चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : पेट्रोल पंपों के मर्चेंट क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को रैपुरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित हैक किए गए मोबाइल फोन से पेट्रोल पंप के क्यूआर कोड पर रकम ट्रांसफर कराते थे और गलती से पैसे भेजने का बहाना बनाकर पेट्रोल की कीमत काटकर बाकी रकम नकद ले लेते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी सीज की गई है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सिद्धार्थ और प्रियांशु निवासीगण कौंधियारा, प्रयागराज तथा नितिन प्रताप सिंह निवासी इकौनी, कौंधियारा शामिल हैं। तीनों को बीते बुधवार शाम बंधाना मोड़ जयंती बांध, हनुमानगंज के पास से गिरफ्तार
किया गया। गिरोह के दो अन्य सदस्य राज मिश्रा और आलोक शुक्ला अभी वांछित हैं। एसपी ने बताया कि बीती दो नवंबर को आरोपियों ने देउधा स्थित कमला फिलिंग स्टेशन पर 650 रुपये का पेट्रोल भरवाया और क्यूआर कोड पर 65 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद गलती से रकम भेजने की बात कहकर 64,350 रुपये नकद वापस ले लिए। इसी दिन बोड़ी पोखरी स्थित रैपुरा फिलिंग स्टेशन पर राज मिश्रा ने 70,495 रुपये का डीजल लेकर क्यूआर कोड पर 2,08,696 रुपये ट्रांसफर कराए और 1,38,200 रुपये नकद प्राप्त किए। दोनों मामलों में पेट्रोल पंपों के खाते होल्ड हो गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राज मिश्रा और आलोक शुक्ला के कहने पर पिछले तीन महीने से प्रयागराज के कौंधियारा, हंडिया और नैनी क्षेत्र में भी इसी तरह ठगी की रकम नकद लेते थे। इसके बदले उन्हें पेट्रोल और प्रत्येक ट्रांजेक्शन पर दो से तीन हजार रुपये मिलते थे। साइबर सेल की तकनीकी जांच में पता चला कि देउधा पंप पर चेंगलपट्टू (तमिलनाडु) और बोड़ी पोखरी पंप पर जैसलमेर (राजस्थान) से हैक किए गए मोबाइल फोन के जरिए रकम ट्रांसफर की गई थी। कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह की टीम और रैपुरा पुलिस शामिल रही। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों से ओप्पो और वीवो के दो मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश कर रही है।


No comments:
Post a Comment