थाना समाधान दिवस में मिलीं 56 शिकायतें, 10 का मौके पर निस्तारण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, November 14, 2026

थाना समाधान दिवस में मिलीं 56 शिकायतें, 10 का मौके पर निस्तारण

मंडलायुक्त और डीआईजी ने नरैनी थाने में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 

थाना परिसर का किया निरीक्षण

बांदा, के एस दुबे । जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण की कार्रवाई की। थाना समाधान दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. ने थाना नरैनी पहुंचकर जनसुनवाई की। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।


इसके बाद डीआईजी ने नरैनी थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना कार्यालय, महिला हेल्पडेस्क, मिशन शक्ति, साइबर हेल्पडेस्क, लॉकअप, ई-मालखाना, सीसीटीवी व्यवस्था एवं अभिलेखों का जायजा लिया। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, थाना परिसर की साफ-सफाई तथा आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने थाना बदौसा में पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनपद के सभी थानों में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों ने संबंधित टीमों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages