भैया दूज पर बहनों ने भाइयों को तिलक लगा मांगी लंबी उम्र - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, November 11, 2026

भैया दूज पर बहनों ने भाइयों को तिलक लगा मांगी लंबी उम्र

भाई-बहन के प्रेम से महका पर्व

फतेहपुर, मो शमशाद । दीपावली के बाद मनाया जाने वाला भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास व स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व बुधवार को पूरे जनपद में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गईं। बहनों ने पूजा की थाली सजाकर भाइयों के माथे पर रोली व अक्षत का तिलक लगाया, आरती उतारी और उनके सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा व सम्मान करने का संकल्प दोहराया। भैया दूज का पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत बनाने का संदेश देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने

भाई अथर्व मौर्या को मिष्ठान खिलाती बहन जिशा मौर्या।

उनका आदर-सत्कार कर तिलक लगाया और भोजन कराया। बहन के स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उसका आतिथ्य स्वीकार करेगा और तिलक लगवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। इसी मान्यता के चलते इस पर्व को यम द्वितीया भी कहा जाता है। पर्व के दौरान बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और उनसे जीवनभर अपनी सुरक्षा, सहयोग और सम्मान का वचन मांगा। भाइयों ने भी बहनों को उपहार और मिठाइयां भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह प्रकट किया। जिन बहनों के भाई दूर रहते हैं, उन्होंने भी फोन और अन्य माध्यमों से शुभकामनाएं देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। भैया दूज केवल तिलक व उपहारों का त्योहार नहीं, बल्कि यह भाई-बहन के बीच विश्वास, जिम्मेदारी और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व संदेश देता है कि रिश्तों की असली खूबसूरती प्रेम, सम्मान और मुश्किल वक्त में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने में है। पूरे जनपद में पर्व को लेकर घरों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages