दीपावली पर पटाखा बाजारों की सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, November 4, 2026

दीपावली पर पटाखा बाजारों की सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त

तीनों तहसीलों के एसडीएम को दुकानों के नियमित निरीक्षण के निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । दीपावली पर्व पर पटाखों की दुकानों व बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को उन्होंने तीनों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों के साथ जूम के माध्यम से बैठक कर आतिशबाजी की स्थाई एवं अस्थाई दुकानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी दुकानों की जांच कर मानकों के पूर्ण होने का प्रमाणपत्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देशित किया कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी से समन्वय बनाकर फायर विभाग के सभी चालकों व परिचालकों के नाम व मोबाइल नंबर

जूम मीटिंग में दिशा-निर्देश देतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स। 

अपने पास सुरक्षित रखें, जिससे आपात स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सके। सभी नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों से पटाखा दुकानों की सूची प्राप्त कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा नगर निकायों में लगे फायर हाइड्रेंट की स्थिति जांचने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानों के आसपास आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। इसके लिए चिन्हित स्थलों पर लेखपाल और कानूनगो की विशेष ड्यूटी लगाई जाए, जो नियमित रूप से दुकानों का निरीक्षण करते रहें। सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में सीओ के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लें। डीएम ने पटाखा कारोबारियों से भी अपील की कि दुकानों में किसी भी ज्वलनशील पदार्थ का प्रयोग न करें व सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपदवासी सुरक्षित माहौल में दीपावली का त्योहार हर्षाेल्लास के साथ मना सकें।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages