ललौली के समारोह में सैयद हस्सान मियां व सैयद ग़ुलाम रसूल मियां ने किया सम्मानित
फतेहपुर, मो शमशाद । दीनी, मिल्ली, सामाजिक एवं इस्लाही सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए क़ाज़ी-ए-शहर एवं मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी मुफ़्ती मुहम्मद शहाबुद्दीन मिस्बाही को प्रतिष्ठित नूरी मिल्लत अवार्ड से नवाजा गया। नूरी मिल्लत के मुबारक उर्स के अवसर पर जामिया अहसनुल बरकात निस्वां, ललौली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। हज़रत सैयद हस्सान मियां वास्ती, मसौली शरीफ एवं हज़रत सैयद ग़ुलाम रसूल मियां, सरैया शरीफ ने अपने दस्ते मुबारक से अवार्ड
![]() |
| काजी-ए-शहर को नूरी मिल्लत अवार्ड देते अतिथि। |
अता किया। समारोह में जामिया के सरपरस्त-ए-आला हज़रत क़ारी हसनैन, मुफ़्ती शहाबुद्दीन मिस्बाही के उस्ताद-ए-मुहतरम मौलाना हबीबुर्रहमान, मौलाना मुहम्मद रज़ा, मौलाना अब्दुल ग़फ़्फ़ार, जामिया अहसनुल बरकात के प्रिंसिपल एवं शैखुल हदीस मुफ़्ती जलालुद्दीन, मौलाना मुहम्मद रैहान, मौलाना मुहम्मद नौशाद अज़हरी सहित जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उलमा-ए-किराम, हुफ्फाज, बुद्धिजीवी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर मौजूद उलमा व गणमान्य लोगों ने मुफ़्ती शहाबुद्दीन मिस्बाही की दीनी, मिल्ली, समाजी एवं इस्लाही खिदमात को सराहते हुए कहा कि समाज में धार्मिक मार्गदर्शन, आपसी सौहार्द व सामाजिक जागरूकता के लिए उनकी सेवाएं सराहनीय हैं। सम्मान मिलने पर मुफ़्ती शहाबुद्दीन मिस्बाही ने कहा कि यह एजाज केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके असातिजा, मशाइख़ और बुजुर्गों की दुआओं, रहनुमाई और तरबियत का फल है। उन्होंने इस सम्मान के लिए आयोजकों, बुजुर्गों व तमाम हाजिरीन का शुक्रिया अदा किया। साथ ही दुआ की कि अल्लाह तआला इस एजाज को दीन और मिल्लत की खिदमत के लिए और अधिक प्रेरणा का जरिया बनाए।


No comments:
Post a Comment