घर में अकेली बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, November 6, 2026

घर में अकेली बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या

टूटे दरवाजे व खुली अलमारी-बक्से देखकर पुलिस को लूटपाट का शक

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, मुंबई में रहने वाले दोनों बेटों को दी गई सूचना

फतेहपुर, मो शमशाद । ललौली कस्बे में बदमाशों ने घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद घर में लूटपाट किए जाने की आशंका है। महिला का शव घर के अंदर उसी स्थान पर पड़ा मिला, जहां वह सोती थीं। महिला के दोनों बेटे रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। घर में अकेली महिला की हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की जानकारी ली। ललौली थाना क्षेत्र के सातआना मोहल्ले में करीब 58 वर्षीय बिलकीश बेगम अकेली रहती थीं। शुक्रवार की सुबह करीब 9.30 से 10 बजे के बीच डायल 112 पर उनके घर में मृत पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा खुला मिला व

घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक। 

महिला का शव उनके सोने वाले स्थान पर पड़ा था। घर के अंदर कमरों के दरवाजे टूटे हुए थे। अलमारी व बक्से खुले होने के साथ सामान बिखरा पड़ा था। इससे पुलिस को हत्या के साथ लूटपाट की आशंका भी है। प्रथम दृष्टया महिला की गला या मुंह दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर वारदात के कारणों और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। मृतका के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके दोनों बेटे रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। पुलिस ने बेटों को घटना की सूचना दे दी है और वे मुंबई से फतेहपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सुबह करीब 9.30 से 10 बजे के बीच डायल 112 पर सूचना मिली थी कि ललौली कस्बे में घर में अकेली रहने वाली एक महिला मृत अवस्था में पड़ी हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो घर का दरवाजा खुला मिला और महिला का शव उनके सोने वाले स्थान पर पड़ा था। प्राथमिक निरीक्षण में गला या मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका प्रतीत हो रही है। घर का सामान भी बिखरा मिला है। उनके द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के बेटों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्रचलित है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के संबंध में और तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages