ब्लड बैंक के डा. कैलाश ने प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह देकर किया सम्मानित
फतेहपुर, मो शमशाद । जनपद के 200 वें स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर विद्या मंदिर के समर्पित आचार्य महेश सिंह चौहान ने अपना 100 वां रक्तदान कर मानवता व समाजसेवा की अनूठी मिसाल पेश की। मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर में आयोजित इस रक्तदान के साथ उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया। मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर के डॉ. कैलाश पटेल ने आचार्य महेश सिंह चौहान को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सौ बार रक्तदान करना अपने आपमें एक बड़ी उपलब्धि है।
![]() |
| ब्लड बैंक में रक्तदान करते आचार्य महेश सिंह चौहान। |
यह कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे अन्य लोग भी रक्तदान के लिए आगे आने को प्रेरित होंगे। आचार्य महेश सिंह चौहान ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। जब तक उनका शरीर साथ देगा, वह नियमित रूप से रक्तदान कर मानवता की सेवा करते रहेंगे। कार्यक्रम में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन से गुरमीत सिंह एवं शोभित सिंह, मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर से डॉ. कैलाश पटेल, प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका पाल और लैब सहायक प्रीति मौजूद रहीं।


No comments:
Post a Comment