पैलानी डेरा की सड़कों पर बह रहा नालियों का गंदा पानी
नाली सफाई न होने से गंदगी का अंबार,
ग्रामीणों ने प्रधान और सचिव पर लगाया सरकारी धन के बंदरबांट का आरोप
बांदा, के एस दुबे । जनपद के पैलानी विकासखंड की ग्राम पंचायत पैलानी के पैलानी डेरा में साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है। गांव की नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह जमा गंदे पानी और गंदगी से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मच्छरों के पनपने से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में साफ-सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद धरातल पर सफाई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से सफाई के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति की गई है, जबकि गांव की गलियों और नालियों की स्थिति बदहाल बनी हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि पैलानी डेरा प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री रामकेश निषाद के विधानसभा क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद गांव में स्वच्छता व्यवस्था की यह तस्वीर सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को उजागर कर रही है। जब मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं है तो अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ग्राम पंचायत में साफ-सफाई के नाम पर हुए खर्च की निष्पक्ष जांच कराने और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस बदहाल व्यवस्था पर कब संज्ञान लेते हैं और ग्रामीणों को गंदगी से निजात कब मिलती है।


No comments:
Post a Comment