भारी मात्रा में उर्वरक बरामद
चित्रकूट ब्यूरो, सुखेन्द्र अग्रहरि : किसानों को निर्धारित गुणवत्ता का उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की कार्रवाई जारी है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देश पर गुरुवार रात करीब एक बजे बरगढ़ स्थित मनोज खाद बीज भंडार की दुकान और गोदाम पर छापा मारा गया। निरीक्षण के दौरान पुष्कर कंपनी की सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) को एनपीके की बोरियों में भरकर मिश्रण तैयार करने का मामला सामने आया। आरोप है कि इसे एनपीके बताकर अधिक दर पर बेचा जा रहा था। प्रशासन ने मौके से संदिग्ध उर्वरकों के पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा के नेतृत्व में नायब तहसीलदार अखिल पांडेय, वरिष्ठ सहायक यतेन्द्र कुमार, प्रधान सहायक गुलाब सिंह सहित राजस्व और कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी की। मौके पर दुकान संचालक महेंद्र कुमार मौजूद मिला। निरीक्षण के दौरान गोदाम में पुष्कर कंपनी की
सिंगल सुपर फास्फेट खुली अवस्था में ढेर के रूप में मिली। सात से आठ बोरियों में भी उर्वरक निकालकर दूसरी बोरियों में भरा हुआ पाया गया। इसके अलावा एनपीके की 13 नई खाली बोरियां और एसएसपी की 12 खाली बोरियां भी मिलीं। जांच के दौरान डीएपी भारत, पुष्कर कंपनी की सिंगल सुपर फास्फेट, 48.285 मीट्रिक टन यूरिया, 0.8 मीट्रिक टन एनपीके और ग्रोप्लस की छह बोरी बरामद हुईं। इसके अलावा बोरियों में भरा उर्वरक भी मिला। प्रारंभिक निरीक्षण में संचालक पर नकली और मिलावटी उर्वरक के भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त पाए जाने का आरोप है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध उर्वरकों के पांच नमूने परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं। आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment