भागवत कथा में गूंजा श्रीकृष्ण जन्म का जयघोष, कथा व्यास ने दिया धर्म और मानवता का संदेश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, November 14, 2026

भागवत कथा में गूंजा श्रीकृष्ण जन्म का जयघोष, कथा व्यास ने दिया धर्म और मानवता का संदेश

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि : जिला मुख्यालय के कछार पुरवा में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस में भगवान की लीलाओं का वर्णन करते हुए कथा व्यास भागवताचार्य कृष्णनंदन महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म, सत्य और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा दिखाने वाला दिव्य ज्ञान है। इसके श्रवण से मनुष्य के भीतर सद्भाव, करुणा, प्रेम और परोपकार की भावना जागृत होती है। कथा में भक्त प्रह्लाद के चरित्र का वर्णन करते हुए बताया गया कि सच्ची भक्ति के लिए उम्र, धन और पद की आवश्यकता नहीं होती। भक्त प्रह्लाद ने विपरीत परिस्थितियों में भी भगवान के प्रति अपनी आस्था और विश्वास को कमजोर नहीं होने दिया। उनके जीवन से शिक्षा मिलती है कि मनुष्य को कभी भी सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। इसके बाद भगवान वामन अवतार की कथा सुनाते


हुए महाराज ने राजा बलि के दान, त्याग और वचन पालन का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि मनुष्य की महानता उसके धन-संपत्ति से नहीं, बल्कि उसके चरित्र, विनम्रता और त्याग की भावना से होती है। अहंकार मनुष्य के पतन का कारण बनता है, जबकि विनम्रता उसे महान बनाती है। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग कथा का विशेष आकर्षण रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की मंगलमयी कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। नंदोत्सव की खुशियों के बीच श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ भगवान के प्राकट्य का उत्सव मनाया। जनमानस को संदेश देते हुए कहा कि आज समाज को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है। परिवार में प्रेम, समाज में भाईचारा, जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों का सम्मान, नारी का आदर और आपसी सद्भाव ही सच्चे धर्म के आधार हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार का त्याग कर सेवा, दया, क्षमा और परोपकार को अपनाना चाहिए। किसी भूखे को भोजन कराना, दुखी व्यक्ति की सहायता करना और किसी के प्रति बुरा भाव न रखना भी भगवान की सच्ची सेवा है। इस अवसर पर राधेरमण पयासी, क्षेमवती, रामसूरत पयासी, सावित्री देवी, चित्रकूट प्रेस क्लब अध्यक्ष सत्यप्रकाश द्विवेदी, अनूप पयासी, वरिष्ठ पत्रकार निरंजन मिश्र, सुनील कुमार मिश्र, लवकुश पयासी, विनय कुमार मिश्र, जावित्री, सतरूपा आदि मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages