सुरक्षित मस्तिष्क, सुरक्षित सड़कें’ विषय पर मानसिक अनुशासन और मानवीय व्यवहार की भूमिका पर रखेंगे विचार
चित्रकूट ब्यूरो, सुखेन्द्र अग्रहरि : देश की राजधानी दिल्ली के द कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में 15 नवंबर रविवार को चतुर्थ इंडो-यूके लीडरशिप समिट का आयोजन किया जाएगा। दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में चित्रकूट जनपद के मूल निवासी व गौतमबुद्ध नगर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) डॉ. उदितनारायण पाण्डेय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वह ‘सुरक्षित मस्तिष्क, सुरक्षित सड़कें’ विषय पर विशेष व्याख्यान देंगे। डॉ. पाण्डेय सड़क सुरक्षा के संदर्भ में चालक के मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार की भूमिका पर अपने विचार रखेंगे। उनका कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं के पीछे
केवल तकनीकी खामियां या बुनियादी ढांचे की कमी ही जिम्मेदार नहीं होती, बल्कि चालक की मानसिक स्थिति भी हादसों का बड़ा कारण बनती है। क्रोध, लापरवाही, अत्यधिक गति, नशे और नींद की अवस्था में वाहन चलाने से गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। समिट में वह इन मानवीय व्यवहारगत कमियों पर नियंत्रण और मानसिक अनुशासन के जरिए सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा करेंगे। उनका जोर इस बात पर रहेगा कि सुरक्षित यातायात के लिए वाहन और सड़क के साथ चालक का संयमित एवं जिम्मेदार व्यवहार भी जरूरी है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनका व्याख्यान सड़क सुरक्षा को केवल नियमों के पालन तक सीमित न रखकर मानवीय सोच और व्यवहार में बदलाव से जोड़ने का प्रयास होगा।


No comments:
Post a Comment