दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पटाखा बाजारों पर रहेगी कड़ी निगरानी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, November 4, 2026

दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पटाखा बाजारों पर रहेगी कड़ी निगरानी

आयुक्त अजीत कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिए निर्देश, बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने के आदेश

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडल के सभी उप जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सफाई, यातायात और अग्निशमन सहित सभी आवश्यक सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। आयुक्त ने विद्युत विभाग को त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और उपकरणों का पहले से निरीक्षण कराने को कहा। जर्जर तारों और झुके हुए बिजली के खंभों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी दिए। वहीं पेयजल विभाग और नगर निकायों को स्वच्छ


पेयजल की उपलब्धता, नियमित जलापूर्ति और बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई रखने को कहा। पटाखों की बिक्री और अस्थायी दुकानों के संचालन को लेकर आयुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखों की दुकानें निर्धारित नियमों के अनुसार आबादी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और आपातकालीन निकास की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।


उन्होंने पटाखों के भंडारण स्थलों और बिक्री केंद्रों पर विद्युत सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था की नियमित जांच कराने तथा प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने पटाखा बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने और भीड़ नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा। बाजारों के नजदीक अग्निशमन वाहन और राहत-बचाव के आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।


उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को पुलिस क्षेत्राधिकारी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के साथ संयुक्त टीम बनाकर पटाखों की दुकानों का नियमित निरीक्षण कराने को कहा। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने तथा मिलावट और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अस्पतालों में चिकित्सकों, दवाओं, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया। खाद्य एवं रसद विभाग को पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न वितरण सुचारु रखने तथा नगर निकायों को बाजारों में सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा। अंत में आयुक्त अजीत कुमार ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली पर आमजन की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages