धनतेरस पर व्यापारियों की सुरक्षा का एसपी ने बनाया अभेद्य चक्रव्यूह - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, November 3, 2026

धनतेरस पर व्यापारियों की सुरक्षा का एसपी ने बनाया अभेद्य चक्रव्यूह

दुकान खुलने से व्यापारी के घर पहुंचने तक पुलिस करेगी पहरेदारी

सर्राफा-बर्तन व ऑटोमोबाइल प्रतिष्ठान रहेंगे विशेष सुरक्षा घेरे में

फतेहपुर, मो शमशाद । धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ व करोड़ों के कारोबार के बीच व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। त्योहार की रौनक के बीच अपराधियों की किसी भी हरकत को नाकाम करने के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा का ऐसा खाका तैयार किया है, जिसमें बाजार से लेकर व्यापारियों के प्रतिष्ठानों तक खाकी की निगरानी रहेगी। खास बात यह है कि पुलिस कर्मी केवल दुकानों पर तैनाती तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि दुकान खुलने से लेकर व्यापारी के रात में सुरक्षित घर पहुंचने तक सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। छह नवंबर को धनतेरस के मद्देनजर सर्राफा प्रतिष्ठानों, बर्तन की दुकानों और ऑटोमोबाइल एजेंसियों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रणनीति तैयार की है। उन्होंने बताया कि तैयार की गई योजना को अगले 24 घंटे के भीतर पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। बाजारों में छोटी-बड़ी सभी दुकानों पर पुलिस कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई जा रही है। संबंधित पुलिसकर्मियों के नाम व्यापारियों के साथ साझा किए जाएंगे, जिससे व्यापारी सीधे अपने प्रतिष्ठान पर तैनात पुलिस कर्मी से संपर्क कर सकेंगे। एसपी ने प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से बातचीत कर उन्हें निजी सुरक्षा गार्ड रखने और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया है। विशेष रूप से सर्राफा कारोबार, बर्तन की दुकानों और ऑटोमोबाइल एजेंसियों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। इन प्रतिष्ठानों पर भीड़ और नकदी के लेन-देन को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि दुकान खुलने से लेकर व्यापारी के रात्रि में सुरक्षित घर पहुंचने तक उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी होगी। पुलिसकर्मियों की नियमित ब्रीफिंग कर उन्हें उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क किया जा रहा है। इसके अलावा एसपी कार्यालय और सभी क्षेत्राधिकारी कार्यालयों के माध्यम से व्यापारियों की सूची तैयार कर उनसे फोन पर संपर्क किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक व्यापारी को अपनी सुरक्षा व्यवस्था और तैनात पुलिस कर्मी की जानकारी मिल सके। धनतेरस के दिन सामान्य पेट्रोलिंग के साथ थानों की प्रथम व द्वितीय मोबाइल टीमों तथा पीआरवी वाहनों की विशेष ड्यूटी निर्धारित की जा रही है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि व्यापारियों और उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। साथ ही आमजन को सुरक्षित वातावरण में खरीदारी की सुविधा उपलब्ध कराना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि जनपद के सभी लोग भयमुक्त वातावरण में धनतेरस और दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं हर्षाेल्लास के साथ मना सकें।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages