चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण और मरम्मत कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई है। जिला पोषण समिति (डीएनसी) की बैठक में उन्होंने निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्रों का काम एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में लापरवाही करने वाले डिफॉल्टर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की चेतावनी भी दी। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण, मरम्मत, संचालन और पोषण संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी मऊ और रामनगर को ग्राम पंचायत स्तर पर निर्माणाधीन केंद्रों का काम जल्द पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी को ग्राम पंचायत सचिवों और संबंधित बीडीओ की बैठक कर आवश्यक कार्रवाई
सुनिश्चित कराने तथा प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जनपद में 372 आंगनवाड़ी केंद्रों के मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य अगली बैठक तक पूरा कराने को कहा गया। जिला पंचायत राज अधिकारी और सभी बीडीओ को इसकी जिम्मेदारी दी गई। अगले माह से नवसृजित परियोजना कार्यालयों का संचालन सरकारी भवनों में कराने के भी निर्देश दिए गए। आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन पर जोर देते हुए डीएम ने कहा कि सभी केंद्र निर्धारित समय पर खुलें। बच्चों का नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने के लिए सीडीपीओ और मुख्य सेविकाएं प्रभावी प्रयास करें। किसी केंद्र पर लापरवाही मिलने पर संबंधित सीडीपीओ और मुख्य सेविका के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। बताया कि अभिभावक बैठकों के आयोजन में चित्रकूट प्रदेश में प्रथम और कुपोषण प्रबंधन में सातवें स्थान पर है। इन उपलब्धियों को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय बढ़ाने तथा ब्लॉक स्तरीय निगरानी समितियों की नियमित बैठक कर कार्यवाही और अनुपालन आख्या डीपीओ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी डीपीओ अरुण कुमार पाण्डेय ने बताया कि साडा को आंगनवाड़ी केंद्रों पर वाटर सप्लाई और पानी की टंकियों का काम शीघ्र पूरा कराने को कहा गया है। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी एडीएम (नमामि गंगे) को सौंपी गई है। बैठक में सीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, बीएसए रंजना शुक्ला, डीआईओ, बीडीओ, सीडीपीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment