बाल विवाह और बाल श्रम की कुप्रथा के लिए सामाजिक जागरूकता लाने पर दिया गया जोर - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, November 3, 2026

बाल विवाह और बाल श्रम की कुप्रथा के लिए सामाजिक जागरूकता लाने पर दिया गया जोर

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने गांव स्तर पर जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता की देखरेख में चिन्हित ग्राम पंचायत इटौरा पहाड़ी के पंचायत भवन में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता ग्राम प्रधान माया देवी ने की। बैठक में खंड विकास अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को उचित पालन-पोषण, परिवार की देखरेख और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। बच्चों को हिंसा, दुर्व्यवहार और शोषण से बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को जिम्मेदारी निभानी होगी। अधिकारियों ने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुप्रथाओं को रोकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया।



बाल संरक्षण अधिकारी सौरभ सिंह ने बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बाल विवाह या बाल श्रम की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की। इसके लिए आपातकालीन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सदस्य प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालय की छात्राएं सुधा, विनीता और रिंकी बालिका स्पर्धा में राज्य स्तर पर प्रतिभाग कर लौटी हैं और उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। जिस पर खंड विकास अधिकारी ने तीनों छात्राओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया। बैठक में सीडीपीओ महेंद्र पटेल, एबीएसए राजेश कुमार, सहायक विकास अधिकारी भूपेंद्र द्विवेदी, पंचायत सचिव अलख खन्ना, डीएमसी प्रिया माथुर, चाइल्ड लाइन समन्वयक विशेष त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages