मजदूर ओमप्रकाश की मौत से पांच मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, November 25, 2026

मजदूर ओमप्रकाश की मौत से पांच मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

 भिंडौरा में गरीबी और त्रासदी की दर्दनाक तस्वीर

मां के बाद पिता ने भी छोड़ा साथ, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल; परिवार के पास एक अदद राशन कार्ड तक नहीं।

बांदा, के एस दुबे । गरीबी और बदहाली की मार झेल रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भिंडौरा निवासी मजदूर ओमप्रकाश की दुखद मृत्यु के बाद उनके पांच नाबालिग बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया। इससे पहले ही बच्चों की मां का निधन हो चुका था। अब मां-बाप दोनों को खो चुके मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक ओमप्रकाश अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें रजनीश (17 वर्ष), आराधना (15 वर्ष), चुनकी (12 वर्ष), युवराज (11 वर्ष) एवं देवा (7 वर्ष) शामिल हैं। इन बच्चों के सामने अब भरण-पोषण और भविष्य


की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। सबसे अधिक दुखद पहलू यह है कि अत्यंत गरीब परिवार के पास आज तक एक अदद राशन कार्ड तक नहीं बन पाया। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी परिवार को नहीं मिल सका।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष डा. अनिल कुमार शर्मा पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने बच्चों एवं परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। डा. अनिल कुमार शर्मा ने प्रशासन से मांग की कि अनाथ हुए इन पांचों बच्चों को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। परिवार का राशन कार्ड बनवाने, पात्रता के अनुसार पारिवारिक लाभ, बाल संरक्षण योजनाओं एवं अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि इन बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का नैतिक दायित्व है। समाज के सक्षम लोगों को भी इन बेसहारा बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। आज सबसे बड़ा सवाल यह है कि मां-बाप दोनों को खो चुके इन मासूम बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages