भोले महाराज की 18 वर्षों की धार्मिक साधना का सिलसिला जारी, रामार्चा महायज्ञ में सैकड़ों भक्तों ने लगाई आस्था की आहुति
भागवत कथा के साथ प्रतिदिन होंगे भव्य धार्मिक आयोजन
बांदा, के एस दुबे । धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भोले महाराज के संयोजन में हार्पर क्लब बांदा में भव्य रामार्चा महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। लगातार 18 वर्षों से धार्मिक आयोजनों की इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे भोले महाराज के संयोजन में आयोजित महायज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। चित्रकूट से पधारे आचार्य उमाशंकर द्विवेदी के सानिध्य में विधि-विधान से महायज्ञ संपन्न कराया गया। श्याम ज्वेलर्स जड़िया मुख्य यजमान रहे। आयोजन का संयोजन भोले महाराज एवं संकट मोचन सीताराम संकीर्तन परिवार द्वारा किया जा रहा है।
भागवत कथा के साथ प्रतिदिन सजेगा भक्ति और धर्म का दरबार
इस धार्मिक आयोजन के अंतर्गत रामार्चा महायज्ञ के साथ भागवत कथा का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा प्रतिदिन भव्य धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म, भक्ति और सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा। भोले महाराज के संयोजन में लगातार 18वें वर्ष आयोजित हो रही यह धार्मिक परंपरा श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ आगे बढ़ रही है।
6 दिसंबर को अयोध्या धाम के लिए निकलेगी पदयात्रा
आयोजन की अगली महत्वपूर्ण कड़ी में 6 दिसंबर को अयोध्या धाम के लिए पदयात्रा निकाली जाएगी। भोले महाराज एवं संकट मोचन सीताराम संकीर्तन परिवार की ओर से श्रद्धालुओं से पदयात्रा में शामिल होने की अपील की गई है।


No comments:
Post a Comment