राजजन्म, मुनि आगमन, ताड़का वध का हुआ मंचन
आज होगा धनुष यज्ञ, अभिनय देख दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
बांदा, के एस दुबे । राघव सेवा समिति के तत्वाधान में पतौरा गांव में आयोजित पांच दिवसीय रामलीला के पहले दिन राजजन्म, मुनि आगमन, ताड़का वध मंचन देखकर दर्शक भाव विभोर हुए। शुक्रवार को रामलीला में धनुष यज्ञ का मंचन किया जाएगा। रामलीला का शुभारंभ गणेश वंदना और मुकुट पूजन के साथ किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियां देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। कलाकारों का अभिनय मंचन देख दर्शक भाव-विभोर हो गए। महुआ ब्लाक अंतर्गत पतौरा गांव में गुरुवार को पांच दिवसीय रामलीला का शुभारंभ राघव सेवा समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी व कोषाध्यक्ष शिवकिशोर त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीगणेश की विशेष पूजा व अर्चना कर किया। मुकुट पूजन के दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता प्रभाकर अवस्थी और आरएसएस के रामदेव दीक्षित मौजूद रहे। भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के जन्म की सुंदर लीला कलाकारों ने प्रस्तुत की।
![]() |
रामलीला का मंचन करते हास्य कलाकार व नर्तक। |
राजा दशरथ के महल में चार पुत्रों के जन्म को लेकर अयोध्या नगरी में आनंद का माहौल बना हुआ था। राजा दशरथ के दरबार में बधाईयों का सिलसिला रंगारंग कार्यक्रम के बीच चलता रहा। महर्षि विश्वामित्र चक्रवर्ती नरेश राजा दशरथ से यज्ञ की रक्षा के लिए राम और लक्ष्मण को मांगने उनके महल पहुंचे। महर्षि ने राजा दशरथ से कहा कि राजन ताड़का नाम की राक्षसी से पूरा समाज भयभीत है। वह जप, तप और यज्ञ इत्यादि नहीं करने देती है। महर्षि की बातें सुनकर राजा दशरथ दुखी हो गए। कहा कि राम व लक्ष्मण बहुत कोमल व सुकुमार हैं, भला ताड़का जैसी राक्षसी का कैसे वध करेंगे ? राजा दशरथ की बात सुन महर्षि विश्वामित्र क्रोधित हो गए। उन्होंने अयोध्या नगरी को भस्म करने की चेतावनी दी। उसी समय वशिष्ठ मुनि आते हैं और विश्वामित्र को शांत कराते हुए राजा दशरथ को समझाते हैं कि राम लोक कल्याण के लिए अवतरित हुए हैं। इसलिए इनको महर्षि विश्वामित्र के साथ जाने दीजिए। राजा दशरथ राम व लक्ष्मण को विश्वामित्र के साथ विदा करते हैं। भगवान राम रास्ते मे ही ताड़का नाम की राक्षसी का वध करते हैं। ताड़का का वध करते ही रामलीला प्रांगण जय श्रीराम के नारे से गुंजायमान हो उठा। हास्य कलाकार योगेश तिवारी (अजूबा) की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समिति अध्यक्ष ने बताया कि धनुष यज्ञ मंचन के साथ दो दिवसीय रामलीला का समापन होगा।
No comments:
Post a Comment