पैलानी के लसडा गांव में हुआ कर्यक्रम का आयोजन
बाँदा, के एस दुबे । जनपद की पैलानी तहसील अंतर्गत पौराणिक ग्राम वसुधरी (लसड़ा) में बुधवार को भव्य सांस्कृतिक महोत्सव का सफल आयोजन किया गया। यह स्थल अपने गौरवशाली एवं पौराणिक इतिहास के कारण विशेष महत्व रखता है, जिसे भगवान कृष्णद्वैपायन वेदव्यास की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। यह भूमि माता सत्यवती एवं महर्षि वेदव्यास की तपोस्थली के रूप में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में माता सत्यवती एवं महर्षि वेदव्यास की भव्य प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया गया। प्रतिमा अनावरण का शुभ कार्य अयोध्या धाम से पधारे मुख्य अतिथि मानसपीठ जगतगुरु श्री रामानंदाचार्य स्वामी रामानंदाचार्य तथा उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री श्री रामकेश निषाद द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा लोक नृत्य, लोक गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत सराहा। महोत्सव के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा कृषि, श्रम कल्याण, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सूचना स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से महोत्सव में सम्मिलित हजारों ग्रामीणों, किसानों एवं मजदूरों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके उद्देश्यों, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जलशक्ति राज्यमंत्री श्री रामकेश निषाद ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं को पहुँचाना है और ऐसे आयोजनों से ग्रामीण जनता को सीधे लाभ मिलता है। वहीं जगतगुरु श्री रामानंदाचार्य स्वामी रामानंदाचार्य ने अपने उद्बोधन में इस पौराणिक स्थल के धार्मिक, पौराणिक महत्व का विस्तार पूर्वक वर्णन कर बेदब्यास भगवान का संपूर्ण चित्रण किया साथ ही योगी आदित्यनाथ व जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद को पांच हजार साल बाद इस पौराणिक स्थल को जीवंत करने पर बहुत शुभकामनाएं देते हुए इसके संरक्षण एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर बल दिया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सहिब सिंह, अनिरुद्ध सिंह चन्देल, दिनेश सिंह,शिववली निषाद, बलबीर सिंह, सत्यप्रकाश निषाद, प्रकाश सेंगर, जितेन्द्र सिंह चंदेल संरक्षक, रामहित निषाद, ग्राम प्रधान लसडा मंजू देवी, इन्द्र जीत सिंह मास्टर साहब जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment