पुलिस मॉडर्न स्कूल में नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प
फतेहपुर, मो शमशाद । बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव व बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस मॉडर्न स्कूल, 12वीं बटालियन पीएसी में स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें 340 बच्चों को होम्योपैथिक औषधि वितरित की गई। कार्यक्रम की अगुवाई इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य उत्तर प्रदेश डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने की। बच्चों को बताया कि बारिश के मौसम में दूषित पानी, गंदगी और मच्छरों के कारण विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में स्वच्छ पानी का सेवन, हाथों की नियमित सफाई, भोजन को ढककर रखना और आसपास स्वच्छता
![]() |
| बच्चों को होम्योपैथिक दवा खिलाते रेडक्रास चेयरमैन। |
बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों से स्वयं स्वच्छ रहने के साथ परिवार और समाज को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। अभियान के दूसरे चरण में नशामुक्ति को लेकर बच्चों को जागरूक किया गया। डॉ. अनुराग ने तंबाकू उत्पादों और एल्कोहल के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन मुंह के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है, वहीं एल्कोहल के सेवन से लीवर को गंभीर क्षति पहुंचने और लीवर सिरोसिस का खतरा बढ़ जाता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा शुक्ला ने अभियान को सराहा। शिक्षक-शिक्षिकाओं नीतू श्रीवास्तव, प्रीतेश श्रीवास्तव, पिंकी श्रीवास्तव, कल्पना सिंह, अजय कुमार, रिंकू एवं पूजा मिश्रा सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा। वहीं इंडियन रेडक्रास सोसाइटी की प्रबंध समिति के सदस्य एवं प्रमुख सहयोगी अभिनव श्रीवास्तव ने भी अभियान में सक्रिय सहयोग किया।


No comments:
Post a Comment