डीएम ने किया बाके सिद्ध मंदिर और ऐतिहासिक कुएं का स्थलीय निरीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, August 10, 2026

डीएम ने किया बाके सिद्ध मंदिर और ऐतिहासिक कुएं का स्थलीय निरीक्षण

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने सोमवार को विकासखंड कर्वी की ग्राम पंचायत सिद्धपुर स्थित पौराणिक बाके सिद्ध मंदिर और ग्राम पंचायत बनाडी में वर्ष 1874 के आसपास निर्मित ऐतिहासिक कुएं का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने दोनों स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और साफ-सफाई दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए। बाके सिद्ध मंदिर के निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि मान्यता के अनुसार वनवास काल में भगवान श्रीराम ने यहां क्षेत्र के ऋषियों से भेंट की थी और इसके बाद बाके सिद्धपुर आए थे। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर की टूटी सीढ़ियों की मरम्मत, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेलिंग और दीपावली मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए टीन शेड बनवाने की मांग की। डीएम ने


कहा कि पूर्वजों से मिली पौराणिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखना सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने साड़ा अधिकारियों को स्थल की तत्काल पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए, ताकि सीढ़ियों के जीर्णोद्धार और सुरक्षा रेलिंग का कार्य शुरू कराया जा सके। ग्राम प्रधान रामकिंकर सिंह को ग्राम पंचायत निधि से यात्री टीन शेड और क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराने को कहा गया। टीन शेड निर्माण में वन विभाग की अनुमति संबंधी बाधा दूर करने के लिए ऑनलाइन एनओसी के लिए तत्काल आवेदन करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद डीएम ने बनाडी के ऐतिहासिक कुएं का निरीक्षण कर बीडीओ कर्वी महिमा विद्यार्थी को कुएं के आसपास इंटरलॉकिंग और बेहतर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में ग्राम प्रधान, ग्रामीण और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages