हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, August 10, 2026

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय

सावन के दूसरे सोमवार पर शिव मंदिरों में जुटी भक्तों की आस्था

शिव मंदिरों में पूजन-अर्चन के साथ कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक

फतेहपुर, मो शमशाद । सावन के दूसरे सोमवार पर मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधि विधान से पूजा अर्चना करते हुए उपवास रख सुख समृद्धि की कामना की। जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में भक्तों की भोर पहर से ही भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। वहीं श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी भी लगाई। सावन के दूसरे सोमवार पर भी शिवालयों में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक करने के बाद पूजन अर्चन भी किया। जिले भर में शिव मंदिरों पर पूजन अर्चन के लिए सुबह से रात तक श्रद्धालु जुटे रहे। शहर के कई शिव मंदिरों में भगवान महादेव का आकर्षक श्रंगार भी किया गया, रुद्राभिषेक का आयोजन हुए। शहर के कोने-कोने में बम-बम भोले के

तांबेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए कतार में लगीं महिलाएं।

जयघोष से गुंजायमान रहे। शहर के तांबेश्वर मंदिर पर भोर की बेला से ही भक्तों का पहुंचना शुरु हो गया था। भक्तों ने भगवान महादेव का जलाभिषेक करने के साथ पूजन अर्चन भी किया। इसके अलावा फल, फूल, बेलपत्र, बेलफल, धतूरा, आकपुष्प, भांग के साथ धूप भी अर्पित किया। सावन के दूसरे सोमवार पर लोगों ने व्रत रखा और घरों में भी पूजन पाठ कर शिव चालीसा, शिव रुद्राष्टक व अन्य मंत्रों का जाप भी किया। ऐसे ही चांदपुर के गूढेश्वर मंदिर में जलाभिषेक एवं बहुआ क्षेत्र के थवईश्वर मंदिर में भंडारे का आयोजन हुआ। जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। घरों से लेकर विभिन्न शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सावन में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।

शिव गान करते पहुंचे कांवड़िए

सावन के दूसरे सोमवार पर गंगा जल से महादेव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों की टोली नाचते गाते शिव भोले, बम बम भोले, हर हर महादेव के नारों के साथ शिवालयों में पहुंचे। टोली को हर कोई रास्ता देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। कांवड़ियों की टोली में कोई शिव के रंग में रंगा नजर आया तो कोई शिवनृत्य करते दिखाई पड़ा।

गंगा घाटों में पहुंचे श्रद्धालु

श्रावण मास के दूसरे सोमवार को जनपद के विभिन्न गंगा तटों पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी संख्या में भीड़ उमड़ी। सुबह से ही गंगा तटों पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस दौरान भक्तों ने घाट के किनारे शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हुए पूजा अर्चना किया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के प्राचीन शिवालयों में श्रद्धालुओं के हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages