पैलानी में पेंशन नहीं आने से परेशान वृद्ध,
बैंक और डाकघर के चक्कर लगाकर थके; मुख्यमंत्री से शीघ्र भुगतान की मांग
पैलानी/बांदा, के एस दुबे । पैलानी क्षेत्र में वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान पिछले करीब सात महीनों से न होने का मामला सामने आया है। पेंशन नहीं मिलने से 70, 80 और 90 वर्ष की उम्र पार कर चुके बुजुर्गों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वृद्धों का कहना है कि पेंशन की राशि से किसी तरह दवा और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी हो जाती थीं, लेकिन कई महीनों से पैसा खाते में नहीं आने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पेंशन धारक शांति देवी, अहमद अली, प्रताप भवन आदि ने बताया कि उन्हें आखिरी बार फरवरी माह में वृद्धावस्था पेंशन मिली थी। इसके बाद से अब तक खाते में पेंशन की राशि नहीं पहुंची है। पेंशन के संबंध में जानकारी लेने के लिए वह लगातार बैंक और डाकघर के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान
वृद्धों ने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण कई पेंशन धारक ठीक से चल-फिर भी नहीं सकते। उनके परिवार में मदद करने वाला कोई नहीं है। ऐसे में समाज कल्याण विभाग के कार्यालय तक पहुंचकर अपनी समस्या बताना भी उनके लिए मुश्किल है। पेंशन बंद होने से दवा और अन्य जरूरी खर्चों का इंतजाम करना उनके लिए चुनौती बन गया है। वृद्ध पेंशन धारकों का कहना है कि पेंशन नहीं आने की कोई स्पष्ट सूचना भी उन्हें नहीं दी गई है। मोबाइल पर पेंशन बंद होने अथवा भुगतान लंबित होने से संबंधित कोई संदेश भी प्राप्त नहीं हो रहा है।
मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
लगातार कई महीनों से पेंशन का भुगतान नहीं होने से परेशान वृद्धजनों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में यही पेंशन उनके लिए आर्थिक सहारा है। बुजुर्गों ने शासन-प्रशासन से पात्र पेंशन धारकों की स्थिति की जांच कर लंबित पेंशन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है, ताकि उन्हें दवा और जीवन-यापन के लिए आर्थिक संकट से राहत मिल सके।


No comments:
Post a Comment