जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच संघर्ष, दर्जन भर जख्मी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 25, 2019

जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच संघर्ष, दर्जन भर जख्मी

घटना ने सोनभद्र के सामूहिक नरसंहार की दिलायी याद 
दोनों पक्षों की ओर से पुलिस ने दर्ज किये मुकदमें 
सीओ बोले- गांव में शांति के बावजूद पुलिस मुस्तैद

जहानाबाद-फतेहपुर, डॉ जौहर रजा । सरकारी जमीन में कब्जे को लेकर दो पक्षों में ईट पत्थर एवं लाठी-डंडे जमकर चले। जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक बिंदकी एवं राजस्व विभाग की टीम के साथ तहसीलदार बिंदकी तथा कई थानों का पुलिस बल गांव पहुंच गया। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। हालांकि पुलिस दोनों पक्षों के दर्जन भर से अधिक लोगों को थाने लाकर कार्यवाही में जुट गयी है। इस घटना ने सोनभद्र जनपद की उंभा गांव में हुए नरसंहार की याद ताजा कर दी है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने महिलाओं व पुरूषों पर जमकर ठण्डे भी बरसाये हैं जबकि पुलिस लाठीचार्ज की घटना से इंकार कर रही है। 
ग्रामीणों को समझाते-बुझाते सीओ बिन्दकी अभिषेक तिवारी।  
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कृपालपुर के मजरे जवाहरपुर एवं बिंदा की ग्राम समाज भूमि पर जवाहरपुर का एक व्यक्ति काफी अरसे से लकड़ी डालकर अवैध कब्जा किए हुए था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने कई बार थाने एवं उच्चाधिकारियों से की थी। इसके बावजूद भी अवैध कब्जाधारक बदस्तूर कब्जा जमाये था। रविवार को विजयपाल एवं दिनेश ने गांव के ही नीरज द्वारा किए गए कब्जे का विरोध करते हुए लकड़ी हटाना शुरू कर दिया। जिस पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों से जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डण्डे चले। सूचना पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया लेकिन मामला गर्माता ही गया और थोड़ी ही देर में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से पथराव व लाठी-डंडे चलने लगे। जिसमें नीरज, विजयपाल, पत्तर, सुनीता सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह पुलिस बल के गांव पहुंचे। गांव वालों का आरोप है कि पुलिस ने बिना सोचे समझे महिलाओं तथा बच्चों पर भी डण्डा चलाना शुरू कर दिया। जिसके चलते ग्रामीणों में आक्रोश पैदा हो गया। उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बाद मौके पर सीओ बिंदकी अभिषेक तिवारी एवं तहसीलदार बिंदकी प्रवेश श्रीवास्तव राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे। मौके की नजाकत को देखते हुए बिंदकी सर्किल के थाना कल्याणपुर, बकेवर, बिंदकी, औंग का पुलिस बल भी गांव आ गया। राजस्व विभाग की टीम द्वारा नाप कर नीरज के अवैध कब्जे को बेदखल कर दिया गया है। जवाहरपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने बिंधा निवासी नीरज पाल, पत्तर पाल, राम प्रसाद पाल, सुशील पाल, चंद्र किशोर पाल, बड़कऊ पाल, मौजी लाल पाल, जगन्नाथ पाल सहित आठ लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 506 व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। जिसकी जांच इंद्रपाल यादव करेंगे। दूसरे पक्ष से उमाकांत पाल की तहरीर पर पुलिस ने जवाहरपुर निवासी राजेश उर्फ लड्डन, लवकुश, राम प्रसाद, अनिल, राजू एवं नीरज के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 504, 506, 308, 336 व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जिसकी जांच सीओ बिंदकी अभिषेक तिवारी करेंगे। उधर पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कूड़ा डालने का विवाद है। रविवार को विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से भीड़ जमा हो गयी थी। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया। उन्होने दावा किया कि अब गांव में शांति है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है आगे की कार्रवाई की जा रही है। उधर पुलिस के दावे के उलट अभी भी गांव में तनाव का माहौल है। पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages