ललौली के पास हालात हुए बदतर, वाहनों की लगी लंबी लाइन
खतरे के निशान से ढाई मीटर ऊपर बह रही है यमुना नदी
बांदा में केन नदी खतरे के निशान के पार बह रही
डीएम-एसपी और अधिकारियों ने चिल्ला क्षेत्र का नाव में बैठकर लिया जायजा
बांदा, कृपाशंकर दुबे । बांदा में केन और चिल्ला क्षेत्र में यमुना नदी ने लोगों को आफत में डाल दिया है। दोनो ही नदियों के जल स्तर में लगातार इजाफा होता जा रहा है। यमुना नदी का पानी सड़क पर चार फीट ऊपर बहने के कारण बांदा-कानपुर मार्ग को बंद कर दिया गया है। वाहनों के दोनो ओर लंबी लाइन लगी हुई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर डटे हुए हैं। डीएम और एसपी ने चिल्ला क्षेत्र का नाव में बैठकर जायजा लिया।
![]() |
| नाव में बैठकर बाढ़ का जायजा लेते डीएम हीरालाल व एसपी गणेश साहा |
यमुना नदी का जल स्तर खतरे के निशान 100 को पार करते हुए 102.52 सेंटीमीटर पर बह रही है। तटवर्ती गांवों में पानी घुस जाने के कारण कई गांव जहां टापू बन गए हैं, वहीं नावों के जरिए लोगों को इधर से उधर किया जा रहा है। यमुना नदी का जल स्तर 4 सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ रहा है। इधर, केन नदी भी उफान पर है और अपने खतरे के निशान 104 को चूम लिया है। केन नदी का जल स्तर प्रतिघंटा सात सेंटीमीटर के हिसाब से बढ़ रहा हैं। केंद्रीय जल आयोग का कहना है कि यमुना और केन नदी दोनो के जल स्तर में लगातार इजाफा हो रहा है। यमुना नदी में बाढ़ अधिक होने के कारण चिल्ला पुल से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। ऐसी स्थिति में अब वाहनों की लंबी लाइन लगी है। बताया जा रहा है कि ललौली (फतेहपुर) में यमुना नदी का पानी सड़क से चार फीट ऊपर बह रहा है, इसके चलते आवागमन ठप कर दिया गया है। इधर, जिलाधिकारी हीरालाल और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने गुरुवार को चिल्ला क्षेत्र के बेंदा में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का नाव में बैठकर जायजा लिया। बाढ़ प्रभावितों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से जनता के साथ है और बाढ़ से बचाव के लिए पूरे प्रबंध किए गए हैं। डीएम और एसपी के साथ उप जिलाधिकारी संदीप कुमार एवं तहसीलदार अवधेश निगम और बीडीओ तिंदवारी द्वारा गांव के प्रभावित लोगों को बिस्कू, गुड़, चना का वितरण किया।


No comments:
Post a Comment