संदिग्ध मरीजों की होगी सैंपलिंग
हमीरपुर, महेश अवस्थी । कोरोना वायरस के खिलाफ शुरू हुई लड़ाई को अब और तेज किया जाएगा। पल्स पोलियो की तर्ज पर घर-घर सर्वे होगा। इस दौरान जिन लोगों में कोविड जैसे लक्षण मिलेंगे, उनकी सैंपलिंग होगी। 5 से 15 जुलाई तक पूरे जनपद में अभियान चलेगा। जिसमें 335 टीमें लगेंगी। जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने डॉ.कलाम सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक में कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए युद्ध स्तर पर पल्स पोलियो की तर्ज पर एक विशेष सर्विलांस अभियान 5 से 15 जुलाई तक निरंतर चलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान के लिए प्रत्येक गांव/क्षेत्र की टीम गठित कर ली जाएं तथा पर्यवेक्षक की भी नियुक्त कर दी जाएं तथा इसकी 4 जुलाई को ट्रेनिंग भी करा दी जाए। इस टीम में स्वास्थ्य विभाग एवं डब्ल्यूएचओ के सर्विलांस मेडिकल ऑफीसर के द्वारा संयुक्त रुप से माइक्रो प्लान तैयार कर सभी लोग तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक सर्वेक्षण टीम में 2 सदस्य होंगे। टीम सुबह 8 बजे से दिन के 2 बजे तक सर्वे करेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में टीम में आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को रखा जाएगा। जबकि शहरी क्षेत्रों में टीम के सदस्यों का चयन उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत राज विभाग द्वारा घर-घर सर्वे करने वाली टीम को इंफ्रारेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर, सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जाएगा। नगरीय क्षेत्रों में नगरीय निकायों द्वारा यह सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सर्वेक्षण टीम के द्वारा प्रत्येक घर की दीवार पर सर्वे के उपरांत एस अंकित किया जाएगा।
सीवियर एक्यूट रेस्पिरेट्री इनफेक्शन (सारी) के रोगी पाए जाने पर उस रोगी की पल्स ऑक्सीमीटर से जांच की जाएगी तथा इसकी सूचना तत्काल पर्यवेक्षक के माध्यम से जोनल अधिकारी को दी जाएगी। जोनल अधिकारी द्वारा ऐसे रोगियों को डेडीकेटेड कोविड क्वॉरंटीन इकाई में भर्ती कराया जाएगा। खांसी, बुखार और सांस लेने में दिक्कत एवं सारी के रोगी की सूचना निर्धारित प्रारूप पर अंकित किया जाएगा। संदिग्ध केस मिलने पर तत्काल सैंपलिंग की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा जनपद की रैपिड रेस्पांस टीम शीघ्र बना ली जाए। व्यस्त चौराहों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर, भीड़भाड़ वाले स्थलों पर ग्रामीण बाजारों में माइक से मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए अनाउंस कराया जाए तथा मास्क न लगाने वालों से जुर्माना वसूला जाए।


No comments:
Post a Comment