1500 लोगों की जांच
हमीरपुर, महेश अवस्थी । कोरोना संक्रमण को लेकर रविवार को शुरू किए गए विशेष अभियान में एक दिन में पंद्रह सौ कोरोना संभावितों के एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट से हड़कंप मच गया। इस रिपोर्ट में शाम 6 बजे तक हमीरपुर और मौदहा और सुमेरपुर कस्बे में करीब 40 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। संख्या बढ़ने की भी संभावना है। इनमें पुलिस लाइन के आधा सैकड़ा पुलिस कर्मी, दो रोडवेज कर्मी सहित कंटेनमेंट जोन से दो और पॉजिटिव केस मिले हैं। इसी तरह मौदहा नगर में ही 14 केस पॉजिटिव मिले हैं। इसमें नगर पालिका के आठ सफाई कर्मचारी भी हैं। कल देर शाम कानपुर मेडिकल कॉलेज से आई जांच रिपोर्ट में जनपद में 12 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। जिसमें सात मरीज मौदहा, तीन हमीरपुर और दो मुस्करा कस्बे के हैं। इस तरह कल से लेकर अब तक करीब आधा सैकड़ा कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग की पेशानी पर बल पड़ने शुरू हो गए हैं। एक दिन में अब तक मिले कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या ने भी नया कीर्तिमान बना दिया है। आज चले विशेष अभियान में राठ क्षेत्र में एक भी संभावित कोरोना का मरीज ना मिलने से स्थानीय प्रशासन सहित लोगों ने राहत की सांस ली है। अधीक्षक डॉ आर के कटियार ने बताया की राठ कस्बे में तीन स्थानों पर लगाए गए शिविर में डेढ़ सौ लोगों की एंटीजन टेस्ट से हुई जांच में कोरोना का कोई केस नहीं मिला है। सीएमओ हमीरपुर डॉक्टर आर के सचान ने बताया कि रविवार को चलाए गए कोरोना विशेष अभियान में जनपद में अभी तक करीब 40 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिसमें बढ़ोतरी होने की संभावना है। सुबह आई कानपुर से जांच रिपोर्ट में 12 कोरोना पॉजिटिव केस थे। अब जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या का आंकड़ा ढाई सौ के पार हो गया है। इनमें 144 मरीज इलाज के बाद ठीक हो गए हैं। जबकि कोरोना संक्रमित 7 लोगों की अभी तक मौत हो चुकी है।


No comments:
Post a Comment