झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव से जूझे लोग - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 12, 2020

झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव से जूझे लोग

बुधवार तड़के से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला दोपहर बाद तक चला 

जगह-जगह हुआ जलभराव, आवागमन में लोगों को हुईं परेशानियां 

गर्मी और उमस से लोगों को मिली राहत, बूंदाबांदी का दौर जारी 

फोटो नंबर-02 व 03:  

बांदा, के एस दुबे । बुधवार तड़के से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला दोपहर बाद तक चला। रुक-रुककर कभी तेज कभी धीमी बारिश से मौसम पूरी तरह से सुहाना हो गया। जगह-जगह जलभराव हो जाने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। सड़क पर फिसलन हो जाने के कारण तमाम वाहन चालक गिरकर चोटहिल हो गए। जीआईसी ग्राउंड और राइफल क्लब ग्राउंड समेत जहीर क्लब मैदान में पानी भर गया। 

बुधवार को झमाझम बारिश के दौरान आवागमन करते लोग
अन्नदाता को वैसे भी बारिश का इंतजार था। बारिश न होने के कारण किसानों के खेतों में बोई गई धान की पौध सूख रही थी। पानी न मिल पाने के कारण किसान बिन पानी की मछली की तरह तड़प रहा था। मंगलवार की आधी रात से ही आसमान पर बादल छाए हुए थे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मना रहे लोगों ने मौसम के मिजाज को भांप लिया था। पूजा-अर्चना के बाद जब व्रत पारण कर लोग सो गए, तभी इंद्रदेव मेहरबान हुए। बुधवार को तड़के चार बजे से ही बूंदाबांदी का सिलसिला शुरू हुआ और फिर कभी तेज कभी धीमी बारिश से बुधवार की दोपहर बाद तक चलती रही। हालांकि अभी भी बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। झमाझम बारिश होने के कारण शहर के विभिन्न स्थानों में जलभराव हो गया। जलभराव होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के मुख्य बाजार, छोटी बाजार, कालूकुआं, बलखंडीनाका, मंडल कारागार कैंपस आदि स्थानों में जलभराव हो जाने के कारण आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत निचले इलाके में बसे लोगों को हो रही है। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। लोग बाल्टियों के सहारे घरों में घुसने वाला गंदा पानी निकालने में जुटे हुए हैं। 


उफना गए नाले, सड़क पर फैला मलबा  

बांदा। नगर पालिका के द्वारा नाला सफाई अभियान में किस तरह से खानापूरी की गई है, इसका नमूना बुधवार को हुई बारिश के दौरान देखने को मिला। शहर के विभिन्न स्थानों में बारिश के दौरान नाले उफना जाने के कारण गंदा पानी से जहां सड़कें लबालब हो गईं, वहीं नाले का मलबा भी सड़क पर फैल जाने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के लोगों का कहना है कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी सड़क पर झाड़ू तो लगा देते हैं, लेकिन नालियों को सफाई करने में आनाकानी करते हैं। नाला सफाई अभियान में अबकी बार महज खानापूरी की गई है, इसीलिए एक बार की झमाझम बारिश में ही नगर पालिका की कारगुजारी सामने आ रही है। 

बारिश होने से खुश अन्नदाता  

बांदा। बारिश से किसी को परेशानी हुई हो, अलग बात है। अलबत्ता अन्नदाता की बांछें खिल उठी हैं। धान की रोपाई के लिए परेशान अन्नदाता पानी बरसाने की आरजू लिए इंद्रदेव की ओर निहार रहा था। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी में मंगलवार की रात इंद्रदेव मेहरबान हो गए और बुधवार तड़के से शुरू हुआ तेज कभी धीमी बारिश का सिलसिला दोपहर बाद तक चला। इस बारिश से खेतों में बोई गई धान की बेड़ में जहां ताजगी आई है, वहीं तमाम खेतों में भी पानी भर गया है। इससे अब किसान को धान की रोपाई करने में भी आसानी होगी। अन्नदाता का कहना है कि अभी एक-दो दिन इसी तरह बारिश हो जाए तो धान की पौध खेतों में आसानी से रोपी जा सकेगी। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages