ट्रैक्टर की ट्राली में भी लगी आग, मचा हड़कंप
आधा दर्जन गांव के हजारों लोगों ने मिलकर बुझाई आग, बाद में पहुंची फायर बिग्रेड
बिन्दकी-फतेहपुर, शमशाद खान । हार्वेस्टर की चिंगारी से अचानक गेहूं की फसल में आग लग गई देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। आग की चपेट में आकर ट्रैक्टर की ट्राली भी जलने लगी। आग को देखकर आसपास के तमाम गांव के हजारों लोग एकत्र हो गए। काफी प्रयास और मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। तब तक 46 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। बाद में फायर ब्रिगेड पहुंची जिस पर ग्रामीणों ने नाराजगी भी जाहिर की।
![]() |
| खेत में लगी आग को बुझाते ग्रामीण। |
जानकारी के अनुसार शनिवार को पूर्वान्ह करीब 11 बजे कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत छीछा तथा दरियापुर गांव के बीच दरियापुर गांव निवासी किशनपाल के खेत में लगे हार्वेस्टर की चिंगारी से गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हार्वेस्टर के समीप ही ट्रैक्टर की खड़ी एक थाली में भी आग लग गई और ट्राली के पहिए धू धू कर जलने लगे। उधर आग लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही थी। आग लगने की जानकारी मिलने पर छीछा, दरियापुर, कोरवा, भवानीपुर, अमेंना सहित आधा दर्जन गांव के हजारों लोग मौके पर पहुंच गए। लगभग डेढ़ घंटे अथक प्रयास और मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। तब तक कोरवा गांव के किसान हाफिज की 2 बीघा, कल्लू की 3 बीघा, उज्जैन की 2 बीघा, अंसार अहमद की ढाई बीघा, पप्पू की 4 बीघा, सलाउद्दीन की 2 बीघा, पप्पू हुसैन की 2 बीघा, भूरा की 2 बीघा, जमीन की 2 बीघा तथा शनवार की 4 बीघा के अलावा छीछा गांव निवासी ओम प्रताप की 5 बीघा, जुगराज की साढ़े तीन बीघा तथा दरियापुर गांव के निवासी ओमप्रकाश उर्फ भोला यादव की 2 बीघा, लक्ष्मी नारायण की 3 बीघा, किशन पाल की 9 बीघा कुल 46 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग को पूरी तरह से बुझाया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड पर ग्रामीणों ने जमकर नाराजगी जाहिर की और कहा कि डेढ़ घंटे तक फसल जलती रही और इतनी देर में फायर बिग्रेड आई। शायद समय से फायर ब्रिगेड पहुंच गई तो निश्चित रूप से फसल का नुकसान बहुत कम हो सकता था। वही सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और राजस्व टीम भी पहुंची और फसल के नुकसान का आकलन किया।


No comments:
Post a Comment