फलक से बरसा पानी, नमाज अदा करने में हुई परेशानी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, June 30, 2023

फलक से बरसा पानी, नमाज अदा करने में हुई परेशानी

ईदगाह के बजाय मस्जिदों में अदा की गई ईद-उल-जुहा की नमाज 

अमन की दुवाओं के बीच अल्लाह की बारगाह में किया सजदा 

नमाज के दौरान मुल्क की तरक्की व अमन चैन की मांगी दुआ 

नमाज के बाद एक-दूसरे को गले मिलकर दी मुबारकबाद 

बांदा, के एस दुबे । बारिश के चलते अबकी ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज ईदगाह के बजाए मस्जिदों में अदा की गई। बकरीद की मुख्य नमाज नवाबी जामा मस्जिद में अदा की गई। नमाजियों की भीड़ को देखते हुए यहां अलग-अलग तीन बार पेशइमामों ने नमाज अदा कराई। शहर की अन्य मस्जिदों मे बकरीद की नमाज अदा की गई। सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। नमाज के बाद सुबह से शुरू हुआ कुर्बानी का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। 

गुरुवार को सुबह से ही ईद-उल-जुहा की तैयारियां शुरू हो गईं। सुबह फजर की नमाज के बाद से ही लोगों ने ईद-उल-जुहा की नमाज पढ़ने जाने की तैयारी कर ली। कुछ बच्चों और बड़ों ने नमाज से पहले नए कपड़े पहने और महिलाओं ने पकवान बनाए। सुबह से तेज बारिश के चलते ईदगाह की बजाए मस्जिदों में ईद-उल-जुहा की नमाज अदा की गई। मुख्य नमाज नवाबी जामा मस्जिद में अदा हुई। नमाजियों की भीड़ को देखते हुए यहां अलग-अलग तीन बार पेशइमामों ने नमाज अदा कराई। हजारों की संख्या में ईदुज्जुहा की नमाज अदा करने को लोग पहुंचे। मौलाना ने नमाज और तकरीर में कुर्बानी के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को बुराइयों से बचने की जरूरत है। मुस्लिम समाज सामाजिक बुराइयों को दूर करके ही तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई पर ध्यान देने और इत्तेहाद के साथ रहने को कहा। मुसलमान नमाज की पाबंदी करें। हराम से बचें और हलाल की कमाई खाएं। बकरीद की नमाज बाद मौलाना ने दुआ कराई। मुल्क में अमन और तरक्की के साथ मुसलमानों की जायज तमन्ना पूरी करने, कारोबार में तरक्की होने, बीमारों को शिफा देने, बेगुनाहों की रिहाई कराने, हर मुसलमान को नमाज का पाबंद बनाने और आपसी भाईचारा बनाए रखने को दुआ की गई। नमाज खत्म होने के बाद लोग गले मिले और एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। अन्य मस्जिदों में भी ईदुज्जुहा की नमाज अदा की गई। इसके बाद तीन दिवसीय कुर्बानियों का सिलसिला शुरू हो गया। शहर की जामा मस्जिद समेत रब्बानिया मस्जिद, शेख सरवर साहब मस्जिद, मरकज मस्जिद, पीर वाली मस्जिद, गौसिया मस्जिद, गुलाब बाग मस्जिद, बोडे वाली मस्जिद, ऊंट मोहाल मस्जिद, छोटी ईदगाह, हिरा मस्जिद, अमानिया मस्जिद समेत अन्य मोहल्लों में स्थित मस्जिदों में बकरीद की विशेष नमाज अदा की गई। 

बाबूलाल चैराहे पर मौजूद डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल व एसपी अभिनंदन

चाक-चैबंद व्यवस्था को तैनात रही पुलिस

ईद-उल-जुहा की नमाज के चलते गुरुवार को सुबह के चप्पे-चप्पे पर पुलिस मुस्तैद रही। व्यवस्थाओं को चाक-चैबंद रखने के लिए एसपी अभिनंदन समेत नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी गवेंद्र पाल गौतम के साथ कई थानाध्यक्ष और शहर के सभी चैकी प्रभारी व पुलिस कर्मी कड़ी मशक्कत करते हुए देखे गए। नमाज के बाद अफसरों ने गले मिलकर मुबारकबाद दी। पूरे दिन शहर की गलियां पुलिस हूटरों से गूंजती रहीं। कोतवाली प्रभारी से लेकर चैकी इंचार्ज और पुलिस कर्मी अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखे रहे। 

जामा मस्जिद में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा करते नमाजी

बिजली की आंख मिचैली से लोग रहे परेशान

ईद-उल-जुहा पर बिजली की आंख मिचैली जारी रही। भूरागढ़, संकट मोचन, बांबेश्वर, पीली कोठी, तुलसी नगर, इंदिरा नगर क्षेत्र में पूरा दिन बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ईद पर बिजली विभाग की ओर से तमाम तैयारियां की गईं थीं। निर्बाध अपूर्ति की व्यवस्था करने के साथ तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए बिजली घरों में टीमें तैनात की गईं थीं। लेकिन इसके बाद भी बिजली व्यवस्था बदहाल रही। पूरा दिन और रात तक बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। हर 10 से 15 मिनट में बिजली आपूर्ति बाधित होती रही। छोटे-छोटे फाल्ट दुरुस्त करने में भी कर्मचारियों को आधे से एक घंटे का वक्त लगा। 

 नमाज के बाद जामा मस्जिद से बाहर निकलते मुस्लिम भाई

ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सराह से मनाई गई बकरीद

बांदा। शहर समेत ग्रामीण इलाकों में प्रेम-भाईचारा के साथ बकरीद मनाई गई। चिल्ला क्षेत्र के सादी मदनपुर, गौसिपुर, लौमर आदि गांव में शांतिपूर्वक नमाजियों ने नमाज अदा की। इस दौरान थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह व कस्बा इंचार्ज केशवराम अपने हमराहियों के साथ गांवों में गश्त करते रहे। हिंदू-मुस्लिमों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

नमाज के बाद गले मिलकर मुबारकबाद देते बच्चे

अतर्रा में भी बकरीद की विशेष नमाज अदा की गई। कस्बा समेत ग्रामीण इलाकों में पुलिस का कड़ा पहरा रहा। बबेरू  क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य गांवों में स्थित मस्जिदों में बकरीद की विशेष नमाज अदा की गई। हरदौली, आलमपुर, बगेहटा, औगासी, मर्का, कोर्रही आदि गांवों में बकरीद का पर्व धूमधाम से मनाया गया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages