तीन करोड़ का गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, January 4, 2024

तीन करोड़ का गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार

थाना गिरवां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का किया पर्दाफाश 

उड़ीसा से बिहार और मप्र के रास्ते लाई जाती थी गांजा की खेप, जनपर और आसपास के क्षेत्र में होती थी बिक्री 

बांदा, के एस दुबे । उड़ीसा से गांजा की खेप लाकर जनपद और आसपास के क्षेत्रों में तस्करी करने वाले दो मुख्य तस्करों समेत पांच लोगों को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 620 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत तीन करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेजा है। तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले एक ट्रक और बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से रूबरू होते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि थाना गिरवां व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा गुरुवार को अन्तर्राज्यीय अवैध गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से लगभग तीन करोड़ रुपये कीमत का अवैध गांजा बरामद हुआ है। गौरतलब हो कि पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग

पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से बात करते एसपी अंकुर अग्रवाल

थाना गिरवां क्षेत्र के ग्राम पतौरा मोड़ के पास अवैध मादक पदार्थ लिए हुए हैं तथा उसकी बिक्री करने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस द्वारा मौके पर छापेमारी कर 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे लगभग तीन करोड़ रुपये का 620 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ है। अभियुक्तों से कड़ाई से पूछताछ में पता चला कि मुख्य अभियुक्त अरुण व मनीष उड़ीसा से बिहार व मध्य प्रदेश के रास्ते से अवैध सूखे गांजे की खेप लाते हैं तथा प्रदीप, नागेन्द्र, नत्थू यादव व उसका लड़का मंगल यादव के द्वारा बांदा और आसपास के जनपदों में इसकी बिक्री की जाती थी। सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वांछित अभियुक्त मंगल यादव की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

पकड़े गए गांजा तस्करों में मुख्य अभियुक्त अरुण उर्फ पवन शिवहरे पुत्र श्यामलाल निवासी बिहार थोक कस्बा व थाना बबेरू, मुनेश उर्फ मनीष पाल पुत्र निर्भय पाल निवासी बरुआपुरा थाना रक्सा जनपद झांसी, नत्थू यादव पुत्र रामआसरे यादव निवासी मवई बुजुर्ग थाना कोतवाली नगर, नागेन्द्र सिंह पुत्र मोती सिंह निवासी मौरेना थाना गभाना जनपद अलीगढ़ और प्रदीप कुमार नाई पुत्र विनोद कुमार नाई निवासी इटौरा थाना मझगवां जनपद हमीरपुर शामिल हैं। एक गांजा तस्कर मंगल यादव पुत्र नत्थू यादव निवासी मवई थाना कोतवाली नगर की पुलिस तलाश कर रही है। अभियुक्तों के पास से 620 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा, एक डीसीएम ट्रक, एक बोलेरो और पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम में गिरवां थाना प्रभारी राकेश कुमार तिवारी, उप निरीक्षक राधाकृष्ण तिवारी प्रभारी सर्विलांस, उप निरीक्षक मोहम्मद अकरम, हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप, विश्ववीर सिंह, कांस्टेबल सचिन पटेल, शिवम यादव, आशू सिंह, आशीष शर्मा, कमल सिंह, प्रतीक यादव, अमित कुशवाहा, अमित त्रिपाठी, सूर्यांशू शामिल रहे। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages