शहर के लोहिया पुल, कालूकुआं ओवरब्रिज के नीचे समेत कई गलियो में जलभराव
बारिश के दौरान पानी में छपाक-छई करते नजर आए बच्चे, आवागमन में लोग हुए परेशान
जीआईसी ग्राउंड में भी भर गया पानी, स्वराज कालोनी की गलियां भी पानी से लबालब
बांदा, के एस दुबे । सावन माह शुरू होते ही इंद्रदेव मेहरबान हो गए। सावन के पहले मंगलवार को तकरीबन 45 मिनट हुई झमाझम बारिश से शहर पानी-पानी हो गया। शहर के लोहिया पुल, कालूकुआं ब्रिज के नीचे, स्वराज कालोनी के विभिन्न गलियो समेत जीआईसी ग्राउंड और अन्य स्थानो पर जलभराव हो गया। गलियों में पानी भर जाने से जहां लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं जलभराव के बीच बच्चे पानी में छपाक-छई करते हुए नजर आए। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है।
![]() |
| मंगलवार को बारिश के बीच गुजरती कार। |
पिछले कई दिनो में रिमझिम और पांच-दस मिनट मामूली बारिश होने के बाद निकलने वाली तेज धूप से उमस में इजाफा हो गया था। इससे पूरा दिन लोग पसीने से तर-बतर नजर आ रहे थे। सावन माह के पहले मंगलवार का मेघ मेहरबान हो गए दोपहर के समय आसमान पर काले बादल छा गए। कुछ ही देर में ठंडी हवाओं के झोकों के साथ झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। तपती धरती में बारिश की बूंदें गिरीं तो लोगों को गर्मी से राहत मिली। तकरीबन 45 मिनट की झमाझम बारिश से शहर के लोहिया पुल तले घुटनों तक पानी भर गया। इसी तरह कालूकुआं ओवरब्रिज के नीचे जलभराव हो जाने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कालूकुआं में ही गई गलियो में पानी निकासी का इंतजाम न होने की वजह से घुटनों तक पानी भर जाने लोग अपने घरों में कैद हो गए। बारिश बंद होने के एक घंटे बाद पानी उतरा, तब कहीं जाकर आवागमन शुरू हो सका। इलाकाई लोगों का कहना है कि नगर पालिका की ओर से न तो नालियो की सफाई कराई गई है और न ही जल निकासी का ही इंतजाम किया गया है। बारिश के दौरान नाला-नालियां उफना जाने की वजह से गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। इसी तरह शहर के जीआईसी ग्राउंड के अलावा डीसीडीएफ गली में भी जलभराव हो गया। वहां भी नालियां ध्वस्त पड़ी हैं और जल निकासी का कोई इंतजाम नहीं है। डीसीडीएफ के बाशिंदों का कहना है कि नगर पालिक प्रशासन ने नाली की सफाई नहीं कराई है। इसके साथ ही नाली निर्माण की जरूरत है।

मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ।
सेढ़ू तलैया में लोगों के घरों में घुसा पानी, गंदगी से उठ रही दुर्गंध
बांदा। सेढ़ू तलैया इलाके में नाले पर अतिक्रमण कर लिया गया है। झमाझम बारिश होने से पहले सड़कें पानी से लबालब हो गईं, जल निकासी न हुई तो लोगों के घरों में पानी घुस गया। इससे लोगों के घरों में रखा तमाम सामान बर्बाद हो गया। सेढू तलैया मोहल्ले के राजेंद्र कुमार साहू, शिवप्रसाद चक्रवर्ती, हेमंत राज शर्मा, शहनाज, नूरजहां ,सीमा रिजवी, संतू लाल, मुन्ना, रानी देवी आदि ने बताया कि लगातार अधिशाषी अधिकारी व विभाग को पत्र देने के बावजूद सेढू तलैया मोहल्ले के नाले की सफाई ठीक तरह से नहीं कराई गई। छोटी काली देवी मंदिर सेढू तलैया से 100 मीटर आगे बढ़ने पर ही नाले को लोगों ने बंद कर दिया है। पुलिया भी जर्जर है। उससे पानी कम ही निकल पाता है। नाले की सफाई न होने के कारण पहली ही बारिश में नगर पालिका परिषद की पोल खोल दी। सड़के कूड़े से पटी हैं। इलाके में गंदगी से दुर्गंध उठ रही है। मुख्य मार्ग पर लबालब पानी भरा होने से स्कूल आने जाने वाले बच्चों, वृद्ध जनों, महिलाओं एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सेढू तलैया मोहल्ले के वासियों ने सदर विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, मंडल आयुक्त, जिलाधिकारी व अधिशाषी अधिकारी से तत्काल नाले के पानी निकासी की व्यवस्था करन की मांग की है।


No comments:
Post a Comment