नगर पालिका में बढ़ती रार से अध्यक्ष की कैसे होगी नैय्या पार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 24, 2025

नगर पालिका में बढ़ती रार से अध्यक्ष की कैसे होगी नैय्या पार

अपनों से चौतरफा घिरते जा रहे सदर नगर पालिका चेयरमैन

भाजपा धड़े के बाद साथियों ने भी खोला मोर्चा

नई ट्रांसफर पोस्टिंग से कर्मचारी भी नाखुश

फतेहपुर, मो. शमशाद । शहर के विकास के बनाई गई सदर नगर पालिका परिषद इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। चेयरमैन राजकुमार मौर्य के विरुद्ध भाजपा सभासदों के मोर्चा खोलने के बाद चेयरमैन गुट के सभासद भी इन दिनों नाखुश नज़र आ रहे हैं और अध्यक्ष पर शहर के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाकर ताल ठोंकते नज़र आ रहे हैं। शहरी आबादी के विकास के लिए जनता ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर राजकुमार मौर्या को नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया था। जनता की समस्या को नगर पालिका बोर्ड के समक्ष रखने के लिए व विकास के लिये जनता के द्वारा 34 वार्डां से चुन कर सभासदों का मज़बूत बोर्ड है लेकिन इन दिनों नगर पालिका में विकास के नाम पर अपनी ढपली अपना राग जैसा माहौल चल रहा है। भाजपा व मोदी योगी मॉडल के बाद भी शहर की जनता ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर राजकुमार मौर्य को चेयरमैन की कुर्सी पर पदासीन किया था वहीं भाजपा की लाख कोशिश के बाद भी बोर्ड में उसके पर्याप्त सभासद नहीं पहुंचे इस कारण बोर्ड में सपा चेयरमैन के पक्ष में गैर भाजपाई सभासदों का मजबूत गठबंधन धड़ा साथ रहा। वहीं सत्ता होने के बावजूद

नगर पालिका परिषद फतेहपुर का मुख्य द्वार। 

नगर पालिका बोर्ड में भाजपा सभासद विपक्ष की भूमिका में है और इस नाते समय-समय पर चेयरमैन राजकुमार मौर्या पर विकास को लेकर तमाम तरह के आरोप प्रत्यारोप लगाते रहते हैं। पिछले दिनों नगर पालिका के वरिष्ठ सभासद एवं चुनाव के ऐन मौके पर भाजपा में शामिल हुए विनय तिवारी के नेतृत्व में संजय श्रीवास्तव, सुनील गुप्ता, रितिक पाल, श्यामू जायसवाल, अतीश पासवान समेत भाजपा सभासदों ने एक ही सीट पर लंबे समय से कार्य करने वाले कर्मचारियों को हटाए जाने के नाम पर चेयरमैन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दबाव में आते ही अध्यक्ष राजकुमार मौर्या द्वारा आनन-फानन कर्मचारियों के पटल परिवर्तन के लिए अधिशाषी अधिकारी रविन्द्र कुमार को कर्मचारियों का ट्रांसफर करने का फरमान जारी किया गया। अधिशाषी अधिकारी द्वारा जारी स्थान्तरण की सूची देखकर एक बार फिर भाजपा धड़े का गुस्सा फूट पड़ा और लिस्ट पर असंतोष जाहिर करते हुए नये सिरे से स्थानांतरण करने की मांग को लेकर एक बार फिर  हंगामा कर चेयरमैन से नई लिस्ट जारी करने को कहा। वहीं दूसरे दिन चेयरमैन के समर्थक धड़े के सभासदों ने मोहम्मद आरिफ गुड्डा के नेतृत्व में अरूण यादव, मो आफताब, मो इस्माईल, विवेक कुमार समेत अन्य सभासदों ने अध्यक्ष राजकुमार मौर्या पर विकास के कार्या में रुचि न दिखाने, सभासदों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए नराज़गी ज़ाहिर कर दिया। नगर पालिका परिषद की रार यहीं रुकने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को चेयरमैन धड़े के ही एक अन्य सभासद शादाब अहमद ने नगर पालिका परिषद के एक कर्मचारी पर ठेकेदारों से पैसे वसूलने व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं ज़ाहिर की। नगर पालिका बोर्ड की बढ़ती रार कही न कही शहर के बिकास में बाधा साबित हो रही है। नगर पालिका के ही पिछले बोर्ड की अध्यक्ष नज़ाकत खातून द्वारा शहर में चौतरफा विकास से प्रसन्न जनता ने एक बार फिर से समाजवादी पार्टी का अध्यक्ष जिताकर तत्कालीन अध्यक्ष नज़ाकत खातून द्वारा किये गये कार्यां को आगे और बढ़ाने की आशा की थी लेकिन नगर पालिका परिषद बोर्ड के लगातार बढ़ती रार ने दो वर्षों के कार्यकाल में बोर्ड के अनुशासन को सड़कों तक पहुचा दिया। सभासदों को जो बात पालिका के सदन में व बोर्ड के समक्ष रखनी चाहिए थी आपसी समन्वय न होने की वजह से मीडिया या सोशल मीडिया के ज़रिए सामने आ रही है। मनमानी ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्या बोर्ड पहले ही कर्मियों के निशाने पर है। सभासदों व कर्मचारियों की नाराज़गी कहीं न कहीं शहर के विकास को बाधित करने वाली हो सकती है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages