कानपुर, प्रदीप शर्मा - छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर परिसर में संचालित स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट में एक महत्वपूर्ण प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन गुरुवार को किया गया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित फूड सर्विस कंपनी लाइट बाइट फूड्स द्वारा छात्रों के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह प्लेसमेंट ड्राइव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में तथा विभाग के निदेशक सौरभ त्रिपाठी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कैंपस इंटरव्यू के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, व्यवहारिक ज्ञान, संचार कौशल एवं व्यक्तित्व का मूल्यांकन किया। चयन प्रक्रिया में समूह चर्चा एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अपनी पेशेवर दक्षता और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 12 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न पदों पर किया गया।चयनित विद्यार्थियों में आदित्य कुमार, मोहम्मद साकिब सईद, तनु, पियूष यादव, नितिन बसारनी, कृष गुप्ता, एकता सिंह, अनिरुद्ध
पांडेय, अभिषेक यादव, वेद केसरवानी, निवेदिता मिश्रा एवं अयान सिंह राठौर शामिल हैं। इनमें से अधिकांश विद्यार्थियों का चयन एफ एंड बी सर्विस विभाग में तथा कुछ का चयन एफ एंड बी प्रोडक्शन विभाग में किया गया है। कंपनी ने विशेष रूप से मैनेजमेंट ट्रेनी , ऑन जॉब ट्रेनी पदों के लिए विद्यार्थियों का चयन किया है, जिससे उन्हें उद्योग में अपने करियर की सशक्त शुरुआत करने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों को उद्योग के अनुरूप दक्ष, आत्मनिर्भर एवं नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण बनाना है। इस प्रकार के कैंपस इंटरव्यू छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें वास्तविक कार्यस्थल के लिए तैयार करते हैं। प्लेसमेंट समन्वयक अंकित कुमार ने बताया कि विभाग निरंतर उद्योग से संपर्क बनाए रखता है ताकि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार की प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएंगी। लाइट बाइट फूड्स के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे फ्रेश टैलेंट को अवसर देकर उनमें नेतृत्व गुणों का विकास करना चाहते हैं, ताकि वे भविष्य में सफल प्रबंधक एवं लीडर बन सकें।


No comments:
Post a Comment