चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों परिसर में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। मानिकपुर तहसील सभागार में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया।
जनशिकायतों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए डीएम ने कहा कि इनका मुख्य कारण अधिकारियों और जनता के बीच संवाद का अभाव है। यदि तहसील व ब्लॉक स्तर के अधिकारी अपने कार्यालयों में नियमित रूप से जनसुनवाई कर निस्तारण सुनिश्चित करें, तो फरियादियों को निस्तारण के लिए कलेक्टरेट नहीं भटकना पड़ेगा। बैठक में राजस्व, चकबंदी, पत्थरगढ़ी, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन, विद्युत तथा पेयजल से संबंधित प्राप्त हुए। डीएम ने लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षकों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि छोटे प्रकरणों का निस्तारण ग्राम स्तर पर ही प्राथमिकता के आधार पर करें। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में सख्त निर्देश दिए कि निस्तारण के लिए ‘अंतिम तिथि‘ की प्रतीक्षा न करें। शिकायतों का समाधान निर्धारित समय से चार दिन पूर्व सुनिश्चित करें, ताकि गुणवत्ता की समीक्षा की जा सके और त्रुटियों को सुधारा जा सके।


No comments:
Post a Comment