प्रशासन ने एक सप्ताह में कार्रवाई का दिया आश्वासन
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : पाठा क्षेत्र सहित जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन प्रशासन से वार्ता के बाद चैथे दिन देर शाम स्थगित कर दिया गया। युवा समाजसेवी रोहित सिंह पटेल के नेतृत्व में यह अनशन चार दिनों तक शांतिपूर्ण ढंग से चला, जिसमें क्षेत्रीय नागरिकों का व्यापक समर्थन देखने को मिला। अनशन के दौरान आंदोलनकारियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क, रोजगार समेत कई ज्वलंत मुद्दों को उठाया था। साथ ही कोल समाज को जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई थी। इन सभी मांगों को लेकर जिला प्रशासन को पूर्व में ज्ञापन सौंपा गया था। चैथे दिन देर शाम अपर जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता में प्रशासन ने सभी मांगों पर एक सप्ताह के भीतर ठोस एवं संतोषजनक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने अनशन को स्थगित करने का निर्णय लिया।
अनशन समाप्त होने के बाद रोहित सिंह पटेल ने कहा कि यह आंदोलन समाप्त नहीं बल्कि फिलहाल स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान पाठा मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष लवकुश कुमार भारती एवं युवा समाजसेवी सुनील पटेल ने भी क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। अनशन में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भागीदारी की और जनहित के मुद्दों पर समर्थन जताया। आंदोलनकारियों ने जनपदवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही। इस मौके पर समाजसेवी लवकुश कुमार भारती, युवा बसपा नेता सुनील सिंह पटेल, नंदलाल सिंह आजाद, धनराज पटेल, आलोक पटेल, कमल पटेल, धर्मेन्द्र कुमार, रिंकी वर्मा, भास्कर, अजय चंचल रैपुरा, अमरीश पटेल, अंकित पटेल, शिवजतन, पेगिया, बृजेश रावत, सुशीला वर्मा, चुनकी, मंजू देवी, रामनरेश वर्मा, कोटहवा, रामप्रताप आदि मौजूद रहे।
.jpg)

No comments:
Post a Comment