अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान केन्द्रों पर दिखी लाइनें
मतगणना शनिवार की सुबह से, देर रात परिणाम आने की संभावना
फतेहपुर, मो शमशाद । डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर यूं तो पिछले एक पखवारे से गहमा-गहमी चरम पर थी। शुक्रवार को मतदान की प्रक्रिया सम्पन्न कराने के लिए जहां बड़ी संख्या में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा, वहीं समर्थक अधिवक्ताओं में भी अपने-अपने उम्मीदवारों को जिताने की होड़ देखी गई। मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गई। 1921 अधिवक्ता मतदाताओं में 1602 मतदाताआंे ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में कैद कर दिया है। शनिवार की सुबह से मतगणना शुरू होगी, जो परिणाम आने तक जारी रहेगी। मतदान की समाप्ति के बाद हार-जीत की गणित भी लगाना शुरू हो गई है। पहली बार अध्यक्ष व महामंत्री पद के कई उम्मीदवार होने के कारण हार-जीत का अनुमान लगाना काफी मुश्किल है, क्योंकि टक्कर मुकाबले की देखी गई है।
![]() |
| मतदान केन्द्र के बाहर लगी अधिवक्ता मतदाताओं की लाइन एवं मतपेटी में अपना वोट डालते अधिवक्ता मो0 सदफ रेहान। |
मालूम रहे कि बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद के पांच व महामंत्री पद के चार उम्मीदवारों के अलावा अन्य पदों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में थे। सर्व समाज अधिवक्ता एवं व्यवस्था परिवर्तन संगठन की ओर से अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष बाबू सिंह यादव एवं महामंत्री पद के लिए मो0 शाहजहां चुनाव लड़ रहे हैं। सर्व समाज अधिवक्ता संगठन से ही अध्यक्ष पद के लिए जगनायक सचान एवं महामंत्री पद के लिए अनिल कुमार श्रीवास्तव मैदान में है। इसके अलावा आदर्श अधिवक्ता संगठन की ओर से भी दो गुट बन चुके हैं। इनमें से विजय कुमार सिंह अध्यक्ष पद व अनुराग नारायण पुत्तन मिश्रा महामंत्री तथा इसी संगठन से रमेश चन्द्र भदौरिया अध्यक्ष पद एवं धर्मेन्द्र मिश्रा महामंत्री पद का चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक शर्मा भी ताल ठोंक रहे हैं। एसोसिएशन के लिए कुल 21 पद हैं। जिनमें अध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष के एक-एक पद, संयुक्त सचिव प्रकाशन, पुस्तकालय प्रशासन का भी एक पद है। इसके अलावा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्य के लिए छह-छह पद हैं।
मतदान को लेकर समर्थक अधिवक्ताओं ने निर्धारित समय से पहले ही अपने-अपने उम्मीदवारों के बस्तों पर पहुंचना शुरू कर दिया था। मतदान की प्रक्रिया प्रातः आठ बजे से मुख्य चुनाव अधिकारी शिवकुमार अग्निहोत्री के अलावा सहायक चुनाव अधिकारियों की देखरेख में सम्पन्न कराई जा रही थी। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं की लामबंदी भी देखने लायक थी। अपने-अपने उम्मीदवारों के लिए मतदाताओं के बस्तों एवं चेंबरों में पहुंचकर वोट देने की अपील भी करते देखे गए। कुल मिलाकर निर्धारित समय पर मतदान की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल सम्पन्न हो गई। मुख्य चुनाव अधिकारी शिवकुमार अग्निहोत्री ने बताया कि बार चुनाव में कुल 1921 मतदाता थे। जिसमें 1602 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।


No comments:
Post a Comment