बहुचर्चित हसनपुर कसार मामले में कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ क्रॉस केस - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, April 19, 2026

बहुचर्चित हसनपुर कसार मामले में कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ क्रॉस केस

हत्या के प्रयास व अपहरण की धाराएं शामिल, अभियुक्तों की तलाश कर रही पुलिस

फतेहपुर, मो शमशाद । थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के पूरे काशी मजरा हसनपुर कसार गांव में हुए बहुचर्चित विवाद में न्यायालय के आदेश पर आखिरकार पुलिस ने हत्या के प्रयास और अपहरण सहित गंभीर धाराओं में क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना 18 मार्च की शाम करीब 7.45 बजे की है। जब खेतों में नुकसान की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अब्दुल जब्बार, अब्दुल गफ्फार, अकबर अली, अंसार अली, मोहम्मद यूसुफ उर्फ बावली समेत कई नामजद व 15-16 अज्ञात लोग लाठी-डंडा, सरिया व तमंचा लेकर एकराय होकर शहादत अली के दरवाजे पर चढ़ आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शहादत अली को बचाने पहुंचे पड़ोसी लाल मियां को भी आरोपियों ने निशाना बनाया।

वरिष्ठ अधिवक्ता जावेद खान एवं शोएब खान एडवोकेट।

बताया जाता है कि हमलावरों ने लाल मियां पर फायरिंग भी की, हालांकि गोली नहीं लगी। इसके बाद दोनों को लोहे की रॉड व सरिया से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के दौरान लाल मियां की पत्नी साजदुन बीवी के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावर लाल मियां को जबरन उठाकर ग्राम प्रधान के दरवाजे तक ले गए, जहां से ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें छुड़ाया जा सका। इस दौरान आरोपियों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने से गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस ने तत्काल उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की, बल्कि दूसरे पक्ष की तहरीर पर 19 मार्च को लाल मियां व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें शांति भंग में चालान कर दिया गया। बाद में धाराओं में बढ़ोतरी के चलते उन्हें जेल भेज दिया गया। न्याय न मिलने पर साजदुन बीवी ने अपने अधिवक्ताओं वरिष्ठ अधिवक्ता जावेद खान व शोएब खान एडवोकेट के माध्यम से न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई करते हुए अपर सिविल जज (सी.डी.) ललिता यादव ने 4 अप्रैल को संबंधित प्रकरण में अभियोग पंजीकृत करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में अब पुलिस ने 11 नामजद व 15-16 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages