चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से कामदगिरि स्वच्छता समिति एवं नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम द्वारा रविवार को विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता के कुशल निर्देशन में कामतानाथ परिक्रमा मार्ग में संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, पॉलिथीन का उपयोग न करने तथा डस्टबिन का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कामदगिरि स्वच्छता समिति के अध्यक्ष राकेश केशरवानी
ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने की अपील की। स्वच्छ भारत मिशन (नगरी) के जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवा कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से गीले एवं सूखे कचरे को पृथक करके देने तथा निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने का आग्रह किया। अभियान के दौरान सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया तथा नगरवासियों से भी सक्रिय सहभागिता की अपील की गई। इस अवसर पर रसूल खान (वन विभाग), जितेंद्र केशरवानी, राजेंद्र त्रिपाठी, कृष्णा शुक्ला, अंजू वर्मा, विनोद कुमार, जानकी त्रिपाठी, देशराज शुक्ला, सफाई नायक जानकी कुशवाह, सफाई नायक विनोद सहित अन्य कर्मचारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment