कानपुर, प्रदीप शर्मा - स्नातकोत्तर छात्रों के लिए एक जूनियर रेजिडेंट इंट्रोडक्टरी मीट एंड जूनियर रेजिडेंट ओरियंटेशन प्रोग्राम कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए पीजी छात्रों को संस्थान की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक वातावरण एवं नैतिक मूल्यों से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. शालिनी द्वारा की गई। डॉ. पारुल ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न संकाय सदस्यों का परिचय देते हुए उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। डॉ. यशवंत राव ने जूनियर रेजिडेंट्स के लिए मरीजों के साथ नैतिक व्यवहार के महत्व को समझाया तथा चिकित्सा पेशे में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया। 172 नव प्रवेशित छात्रों ने सबको अपना परिचय दिया।
कार्यक्रम में डॉ. सीमा द्विवेदी ने पीजी ओरिएंटेशन कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं इसके माध्यम से प्राप्त होने वाले लाभों के बारे में बताया ।उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम नए छात्रों को उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक जीवन की बेहतर शुरुआत के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.संजय काला ने कहा कि इस प्रकार के ओरिएंटेशन कार्यक्रम नए पीजी छात्रों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि ये उन्हें न केवल संस्थान की कार्यप्रणाली से परिचित कराते हैं, बल्कि उनके अंदर पेशेवर नैतिकता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे निरंतर जारी रखने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर प्रतिमा वर्मा ने किया।


No comments:
Post a Comment