किसानों व पेयजल की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । पाठा क्षेत्र बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में पाठा क्षेत्र के ग्रामीणों एवं किसानों द्वारा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य रूप से शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि पाठा क्षेत्र शैक्षिक दृष्टि से काफी पिछड़ा हुआ है। यहाँ के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को संसाधनों एवं उचित मार्गदर्शन के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता नहीं मिल पा रही है। आर्थिक कमजोरी के कारण अधिकांश विद्यार्थी निजी कोचिंग संस्थानों में प्रवेश नहीं ले पाते हैं। ऐसे में न्याय पंचायत रुखमा खुर्द में मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग सेंटर की स्थापना की मांग की गई है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
किसानों की समस्या को उठाते हुए बताया गया कि बहिलपुरवा सहकारी समिति में अभी तक गेहूं खरीद प्रारंभ नहीं की गई है, जबकि क्षेत्र में गेहूं की फसल तैयार है। इसके कारण किसानों को अपनी उपज कम दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत रुकमा बुजुर्ग के मजरा बरहुनीतीर में पिछले 6 महीने से हैण्ड पम्प बिगड़ा है जो अभी तक ठीक नहीं कराया गया है, जिसकी शिकायत भी आनलाइन माध्यम और जिलाधिकारी कार्यालय में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक ठीक नहीं कराया गया है जिससे वहां के लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिसके लिए ग्रामीणों द्वारा हैण्ड पम्प ठीक कराने की मांग की गई है। इस अवसर पर एडवोकेट प्रखर पटेल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए शिक्षा एवं किसानों की समस्याओं का समाधान अत्यंत आवश्यक है, जबकि समाजसेवी मुकेश कुमार ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय से समस्याओं का निदान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान मीरा भारती, संजय सिंह, विपिन, सागर पटेल, विक्रम पटेल, अजय पटेल, अतुल पटेल, संदीप, अंकित, अभय, सद्दाम व अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment