मानिकपुर में जनसुनवाई के दौरान आयुक्त सख्त, स्वास्थ्य केन्द्र पर अनुपस्थिति पर नाराजगी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, April 18, 2026

मानिकपुर में जनसुनवाई के दौरान आयुक्त सख्त, स्वास्थ्य केन्द्र पर अनुपस्थिति पर नाराजगी

गेहूँ क्रय व्यवस्था संतोषजनक

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि  । आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार ने शनिवार को तहसील मानिकपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप महानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बाँदा राजेश एस. के साथ प्रतिभाग कर जनसुनवाई की। इस दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। समाधान दिवस में लगभग 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आयुक्त ने उपजिलाधिकारी मानिकपुर को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करते हुए सात दिवस के भीतर आख्या आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।



मण्डालायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित क्षेत्र भ्रमण कर जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।


सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बराहमाफी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र पर केवल फार्मासिस्ट श्याम करण सिंह ही मौजूद थे। चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज कुमार के विगत चार दिनों से अनुपस्थित पाए जाने पर आयुक्त ने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए चिकित्सक का अनुपस्थित दिवसों का वेतन अवरुद्ध करने एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों एवं स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि स्वीकार नहीं की जाएगी।


इसके बाद आयुक्त ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति मानिकपुर स्थित गेहूँ क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेहूँ खरीद कार्य संतोषजनक पाया गया। मौके पर उपस्थित किसानों ने बताया कि उनका गेहूँ समय से खरीदा जा रहा है तथा भुगतान भी निर्धारित समय पर प्राप्त हो रहा है। आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी क्रय केन्द्रों पर इसी प्रकार पारदर्शी खरीद व्यवस्था बनाए रखते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। आयुक्त ने निर्देश दिए कि गेहूँ क्रय केन्द्रों पर पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, किसानों के लिए समुचित व्यवस्था रहे तथा क्रय एवं भुगतान की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं समयबद्ध हो। साथ ही अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने हेतु प्रभावी प्रबंधन एवं सतत निगरानी व्यवस्था लागू की जाए। गर्मी के दृष्टिगत आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं विद्यालयों में शीतल पेयजल, छाया एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। हीट वेव से बचाव के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने एवं आवश्यकतानुसार राहत उपाय तत्काल लागू करने पर भी जोर दिया गया। आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण तथा शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को बेहतर एवं भरोसेमंद सेवाएं प्राप्त हो सकें।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages