चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले जिलाध्यक्ष सुनील शुक्ला के नेतृत्व में बुधवार को ग्राम प्रधानों ने अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय मऊ में प्रदर्शन किया। साथ ही मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी के आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान प्रधानों ने कहा कि उनका कार्यकाल आगामी 26 मई को समाप्त हो रहा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा है। ऐसे में ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के ठप होने के साथ ही विभिन्न प्रशासनिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। मांग की
कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए या तो समय से पंचायत चुनाव कराए जाएं अथवा चुनाव संभव न होने की स्थिति में वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। इस सम्बन्ध में प्रधानों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन मानिकपुर विधायक अविनाश चन्द्र द्विवेदी को सौंपा। जिस पर विधायक ने प्रधानों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वह इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर समाधान कराने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर मानिकपुर ब्लाक प्रमुख अरविंद रलिहा, पहाड़ी ब्लाक प्रमुख सुशील द्विवेदी, रामनगर ब्लाक अध्यक्ष पुष्पलता सिंह, अयोध्या प्रसाद, अनिल मिश्रा, अरुण शुक्ला आदि मौजूद रहे।
.jpg)

No comments:
Post a Comment