स्टार्टअप इण्डिया पहल के तहत हुआ भव्य कार्यशाला का आयोजन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, April 16, 2026

स्टार्टअप इण्डिया पहल के तहत हुआ भव्य कार्यशाला का आयोजन

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि । भारत सरकार के वाणिज्य और उ‌द्योग मंत्रालय के तहत उ‌द्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रम ने स्टार्टअप इको सिस्टम के विकास को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम भवन सोनेपुर में एक दिवसीय भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। देश के 132 जिलों में तेजस पहल (राज्यों और जिलों में उद्यमिता यात्राओं में बदलाव) शुरू की है। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने किया। युवाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में युवाओं के लिए स्टार्टअप के माध्यम से असीम अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना चाहिए। स्टार्टअप न केवल व्यक्तिगत लाभ देता है, बल्कि समाज के लिए रोजगार के द्वार भी खोलता है।



जिलाधिकारी ने उबर, ओला और पेटीएम जैसे वैश्विक ब्रांडों का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे एक छोटे से विचार ने आज हजारों लोगों को रोजगार दिया है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को प्रेरित किया कि वे पारंपरिक नौकरियों के पीछे भागने के बजाय अपना उद्योग स्थापित कर वैल्यू कमाएं। कार्यशाला के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल साझा की। उन्होंने कहा कि जनपद में बोट एवं स्पीड बोट जैसे अन्य क्षेत्रों में कार्य करने वाले युवाओं को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित अनुमति व सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक के ऋण का लाभ उठाकर युवा अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि जनपद चित्रकूट में इंक्यूबेशन सेंटर की स्वीकृति प्राप्त हो गई है, जहाँ युवाओं को विशेषज्ञ टीम द्वारा उचित मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर समय व्यर्थ न करने और मोबाइल का उपयोग रचनात्मक व कौशल विकास के कार्यों में करने की सलाह दी। कार्यशाला के द्वितीय चरण में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से सीधे प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला द्वारा किया गया। समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक पंकज अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी एवं उपायुक्त उद्योग एस.के. केसरवानी, अग्रणी जिला प्रबंधक इंडियन बैंक अनुराग शर्मा सहित भारी संख्या में जनपद के छात्र-छात्राएं, नवोदित उद्यमी एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण व विभिन्न प्रदेशों से आए विषय विशेषज्ञ वक्ता मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages