भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किलें - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, May 20, 2026

भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किलें

शहर से गांव तक हाहाकार, हर आधे घंटे में ट्रिपिंग से रातों की नींद हराम

ग्रामीण इलाकों में हफ्तों से बिजली गुल, पानी का संकट भी गहराया

फतेहपुर, मो शमशाद । आसमान से बरस रही आग और झुलसा देने वाली भीषण गर्मी के बीच विद्युत विभाग की बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। लगातार बढ़ते तापमान ने जहां जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं अघोषित विद्युत कटौती ने आमजन का जीना दूभर कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक लोग दिन-रात बिजली संकट से बेहाल हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।


जिले में इन दिनों पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचैली ने लोगों का चैन और सुकून छीन लिया है। रात के समय हर आधे घंटे में हो रही कटौती से लोगों की नींद हराम हो चुकी है, वहीं दिन में कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से घरों से लेकर बाजारों तक जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी से बेहाल बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। बिजली न रहने से कूलर और पंखे शोपीस बने हुए हैं, जबकि पानी की सप्लाई भी बाधित हो रही है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कई मोहल्लों में 24 घंटे में महज 8 से 10 घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। उसमें भी बार-बार ट्रिपिंग और कटौती ने लोगों का धैर्य जवाब देना शुरू कर दिया है। भीषण उमस और गर्मी के कारण लोग बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी दयनीय बनी हुई है। जिले के तमाम गांव ऐसे हैं जहां हफ्तों से लोगों को बिजली के दर्शन तक नहीं हुए हैं। अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर ग्रामीणों के सामने पानी, खेती और दैनिक कार्यों का संकट खड़ा हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनता का आक्रोश सड़कों पर फूट सकता है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages