गेहूं खरीद केन्द्र में कांग्रेस की छापमार कार्यवाही - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, May 17, 2026

गेहूं खरीद केन्द्र में कांग्रेस की छापमार कार्यवाही

46 डिग्री के तापमान में लाइन लगाये झुलस रहे किसान

बांदा, के एस दुबे  । जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने रविवार सुबह 9 बजे मंडी समिति बांदा में अचानक पहुंचकर गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों ने अधिकारियों पर कमीशन मांगने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष को कतरावल के किसान लालबाबू राजपूत, चहितारा के शिवप्रसाद द्विवेदी और निवाइच के राघवेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि भीषण गर्मी में सुबह से भूखे-प्यासे लाइन में लगे हैं। 46 डिग्री सेल्सियस की तपती धूप में झुलस रहे हैं, लेकिन नम्बर नहीं आता। दिनभर लाइन में लगने के बाद मायूस होकर शाम को घर लौटना पड़ता है। ट्रैक्टर पर एक-दो आदमी छोड़कर अगले दिन फिर आना पड़ता है।


किसानों का आरोप है कि जिन किसानों से मंडी के अधिकारियों को कमीशन मिल जाता है, उनका गेहूं पहले खरीदा जा रहा है। कभी बोरों का अभाव बताकर खरीद रोकी जाती है, कभी गोदाम फुल होने का बहाना बनाया जाता है। मजबूरन किसानों को प्राइवेट खरीददारों को सस्ते दामों में गेहूं बेचना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि सरकार हमें जानवरों से भी बदतर मानती है। मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि किसानों की समस्याएं गंभीर हैं, लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा। किसानों ने जानकारी दी है कि मंडी समिति के अधिकारी कमीशन मांगते हैं, भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि क्रम से व नियमतरू सही तरीके से गेहूं की खरीद की जाए और भ्रष्टाचार समाप्त किया जाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित, कंट्रोल रूम प्रभारी बी लाल भाई और सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सन्तोष कुमार द्विवेदी ने किसानों को आश्वस्त किया कि वह सरकार व जिलाधिकारी बांदा को ज्ञापन देकर इस समस्या से अवगत कराएंगे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages