बबेरू /बाँदा, के एस दुबे । जेठ मास के तीसरे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर आज जनपद के बबेरू कस्बा स्थित तिंदवारी रोड पर संचालित इंडियन बैंक परिसर में धार्मिक उल्लास देखने को मिला। बैंक के समस्त स्टाफ के सहयोग से पहली बार भव्य पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह बैंक स्टाफ द्वारा हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना, आरती और भोग लगाने के साथ हुई। इसके बाद बैंक परिसर में ही विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बैंक में आने वाले खाताधारकों, दूर-दराज से आए ग्राहकों के साथ-साथ राहगीरों
ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भंडारे में पहुंचे हजारों की संख्या में लोगों ने कतारबद्ध होकर बेहद श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया। इस धार्मिक आयोजन की खास बात यह रही कि बैंक के बड़े अधिकारियों से लेकर छोटे कर्मचारियों तक, सभी ने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर खुद व्यवस्थाएं संभालीं और भंडारे में बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। बैंक स्टाफ की इस पहल की स्थानीय लोगों और बैंक ग्राहकों ने खूब सराहना की।इसके साथ ही इंडियन सैनिक रिकवरी एजेंसी के निदेशक एवं संचालकों ने भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।


No comments:
Post a Comment