चालू हुए जनपद के शासकीय ट्यूबवेल
बांदा, के एस दुबे । भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जनपद में जल संकट गहराता जा रहा है। ऐसे कठिन समय में जीव-जंतुओं एवं पशुओं को राहत दिलाने के उद्देश्य से जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सदस्य डॉ. अनिल कुमार शर्मा की पहल रंग लाई है। उनके प्रयासों के बाद जनपद के कई शासकीय ट्यूबवेल चालू कर दिए गए हैं, जिनके माध्यम से नहरों, तालाबों और पोखरों में पानी पहुंचाया जा रहा है। डॉ. शर्मा ने लगातार प्रशासन से मांग की थी कि गर्मी के मौसम में सूख चुके जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया जाए, ताकि पशु-पक्षियों एवं आवारा गोवंश को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और जीव-जंतुओं की रक्षा करना
समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। प्रशासन द्वारा ट्यूबवेल चालू किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में राहत की स्थिति बनी है। कई गांवों के तालाबों और पोखरों में पानी पहुंचने लगा है, जिससे पशुओं के साथ-साथ किसानों को भी लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए डॉ. अनिल शर्मा के प्रयासों को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। डॉ. अनिल शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में भी जल संरक्षण और पशु कल्याण के लिए अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी के दिनों में अपने घरों और सार्वजनिक स्थानों पर पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करें। इस पुनीत कार्य में जीतू सिंह राठौर, अशोक सिंह यादव, अनूप सिंह, रामलाल शर्मा भोले आदि का विशेष सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment